कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम हरियाना में शनिवार देर रात तांत्रिक गुलाब सिंह सैनी (60) की घर में घुसकर बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने सिर्फ गले पर ही सीने, टांगों और प्राइवेट पार्ट पर भी धारदार हथियार से कई बार वार किए। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हत्या की वजह तंत्र विद्या को लेकर पुरानी रंजिश मानी जा रही है। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
गांव वालों के अनुसार गुलाब सिंह तंत्र-मंत्र का कार्य करता था और उसका कई लोगों से विवाद भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में आरोपी घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। हत्या इतनी क्रूरता से की गई कि शरीर के कई हिस्सों को बेरहमी से वार किए गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर खून से सना फर्श और बिखरे सामान को देख कर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि मृतक ने जान बचाने की बहुत कोशिश की थी। पुलिस ने नामजद चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। हत्या में तंत्र विद्या से जुड़ा एंगल भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस की तैनाती कर दी गई है।