चुनाव में धांधली के विरोध में हाईकोर्ट जाएगी सपा
समाजवादी पार्टी ने सहकारी गन्ना विकास समिति के चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। इसके विरोध में पार्टी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। आरोप लगाया कि प्रशासन की मिलीभगत से भाजपा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन किया है। सपा के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने कहा कि उनके समर्थक डायरेक्टर का पर्चा लेने के लिए गन्ना विकास समिति कार्यालय गए थे, लेकिन वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था।
पर्चा नहीं मिलने पर वह समर्थकों के साथ पहुंचे तो कार्यालय में ताला जड़ दिया गया। साथ ही गेट पर पुलिस का पहरा लगा हुआ था। अंदर जाने नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता भी पर्चा भरने के लिए नहीं आए, लेकिन उनके नामांकन हो गए।
इससे सिद्ध होता है कि प्रशासन ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को कहीं और पर्चे उपलब्ध कराए और गोपनीय तरीके से पर्चे भरे गए। सपा ने नौ अक्तूबर के घटनाक्रम का ऑडियो और वीडियो भी तैयार किया है। आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में सपा का मुकाबला करने से डर रही थी। उनको पता था कि मुकाबला करने पर हार तय है। चुनाव में हुई धांधली के विरोध में सपा सोमवार को हाईकोर्ट जाएगी।
सभापति का चुनाव 17 अक्तूबर को
सहकारी गन्ना विकास समिति में चुने गए डायरेक्टर तीनों समितियों के लिए एक-एक सभापति और उप सभापति का चुनाव करेंगे। आवश्यक होने पर मतदान कराया जाएगा। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में मुरादाबाद, कांठ और बिलारी में सहकारी गन्ना विकास समितियां हैं। तीनों समितियों पर चुने गए 11-11 डायरेक्टर अपनी-अपनी समिति के लिए सभापति और उप सभापति का चुनाव करेंगे।