मुरादाबाद से सपा प्रत्याशी को लेकर कार्यकर्ताओं में असमंजस बना हुआ है। डॉ. एसटी हसन की टिकट करने की चर्चा के बाद कोई भी नेता इस मामले में खुलकर कुछ नहीं कह रहा है। दूसरी तरफ रुचि वीरा को प्रत्याशी बनाए जाने की बात सामने आ रही है।
मुरादाबाद संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी डॉ. एसटी हसन हैं या पूर्व विधायक रुचि वीरा, यह सवाल राजनीतिज्ञों से लेकर आम लोगों के बीच तैरता रहा लेकिन इसका सीधा जवाब किसी स्तर से नहीं मिला। सपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी सुबह तक दुविधा में घिरे रहे।
विज्ञापन
सपा के जिलाध्यक्ष डीपी यादव का कहना था कि अभी पार्टी की तरफ से सांसद एसटी हसन का टिकट कटने के बारे में कोई अधिकृत जानकारी नहीं मिली है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आदेश पर संगठन के लोग कार्य करेंगे। लगभग ऐसा ही कथन डॉ. एसटी हसन का भी था।
इस बीच रुचि वीरा के लखनऊ से सिंबल लेकर मुरादाबाद पहुंच जाने और लोगों से संपर्क शुरू करने की भी चर्चा रही। उनकी तरफ से इसे लेकर कोई बयान सामने नहीं आया। उनसे फोन से संपर्क का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
दूसरी ओर डॉ. एसटी हसन के आवास पर सपा के तमाम कार्यकर्ता और नेता देर रात तक जुटे रहे लेकिन पार्टी प्रत्याशी के सवाल पर उनमें से किसी के पास स्पष्ट जवाब नहीं था।
टिकट कटने की मुझे नहीं जानकारी : एसटी हसन
मंगलवार दिन में सपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन कराने वाले सांसद डॉ. एसटी हसन की रात से टिकट कटने और पूर्व विधायक रुचि वीरा की चर्चा देर रात तक तेज होती गई। इस बाबत पूछने पर डॉ. हसन ने कहा कि उन्हें बी फॉर्म मिल गया है, यह जानकारी हुई है लेकिन इस बारे में पार्टी की तरफ से मुझे कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है। शहर के लोगों में काफी गुस्सा है।
रुचि वीरा का पुतला फूंका
शहर के फैजगंज क्षेत्र में मंगलवार रात कुछ लोगों ने पूर्व विधायक रुचि वीरा का पुतला फूंका। रुचि वीरा के खिलाफ और डॉ. एसटी हसन के समर्थन में नारे लगा रहे इन लोगों को वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में सपा का कोई बड़ा चेहरा नहीं है।
विज्ञापन
कुछ युवक रुचि वीरा वापस जाओ के नारे लगाते हुए पुतला लेकर लेकर आगे बढ़ रहे हैं। पुतले पर रुचि वीरा का फोटो चिपकाया हुआ है। पुतला फूंकने के दौरान ये लोग डॉ. एसटी हसन जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे हैं।