फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद: सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर की जातिसूचक टिप्पणी, मच गया हंगामा

Thu, 15 May 2025 05:38 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

सपा नेता रामगोपाल यादव ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने सैन्य अधिकारी के लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है। इससे हंगामा मचा हुआ है। 
विज्ञापन
रामगोपाल यादव - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी के साथ प्रेस काॅन्फ्रेंस करने वाली दूसरी महिला अधिकारी विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव ने जातिसूचक टिप्पणी की।

विज्ञापन


उन्होंने व्योमिका सिंह को हरियाणा का जाटव, कर्नल कुरैशी को मुस्लिम और ऑपरेशन सिंदूर में शामिल एयर मार्शल एके भारती को पूर्णिया का यादव बताते हुए कहा कि पूरा युद्ध पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के अधिकारियों ने लड़ा। भाजपा किस आधार पर इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।

रामगोपाल ने यह टिप्पणी बृहस्पतिवार को बिलारी के देवरी दिनाैरा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में की। उन्होंने कहा कि विंग कमांडर व्योमिका सिंह को राजपूत समझकर भाजपा ने उन पर कोई टिप्पणी नहीं की, जबकि व्योमिका सिंह हरियाणा की जाटव हैं। वहीं मुसलमान होने के कारण कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मध्य प्रदेश सरकार में भाजपा के मंत्री विजय शाह ने गलत बयान दिया।

बिलारी के सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद विजय शाह खिलाफ मुकदमा तो दर्ज हुआ, लेकिन अभी तक भाजपा ने उन्हें पार्टी से नहीं निकाला। हमारी साहसी सेना ने पड़ोसी देश के अंदर घुसकर आतंकवादी अड्डों को नष्ट किया, लेकिन ट्रंप के दबाव में जो सीजफायर हुआ उससे सेना के मनोबल पर असर पड़ा।

उन्होंने केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मीडिया में वह कहते हैं कि आतंकवादी देश में आएंगे तो युद्ध समझा जाएगा, लेकिन जब सेना जवाब देती है तो हाथ बांध देते हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मंत्री विजय शाह का तत्काल इस्तीफा लेने और पार्टी से निकालने की मांग की।

स्मृति उपवन का शिलान्यास करने पहुंचे थे रामगोपाल

बिलारी के देवरी दिनाैरा गांव में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की याद में बनने वाले स्मृति उपवन के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामगोपाल यादव पहुंचे थे। उन्होंने जनसभा के दाैरान कहा कि उपवन में मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा लगाया जाना सराहनीय पहल है। मुलायम सिंह ने अपने रक्षामंत्री के कार्यकाल में सेना को जो सम्मान दिया, वह आज भी स्मरणीय है। उन्होंने कहा कि युद्ध में विजय का श्रेय सरकार को स्वयं न लेकर सेना को देना चाहिए।

विज्ञापन


भाजपा पर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करने का लगाया आरोप

सपा नेता रामगोपाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सेना के पराक्रम का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। रामगोपाल यादव ने कहा कि सेना ने साहस के साथ आतंकियों के अड्डे तबाह किए लेकिन ट्रंप के दबाव में सीजफायर कर सरकार ने सेना का मनोबल गिराया।

उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा की एकतरफा जीत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के अत्याचार और भ्रष्टाचार से जनता परेशान हो चुकी है और समय आने पर इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।


यह भी पढ़ें- कर्नल सोफिया कुरैशी पर अभद्र टिप्पणी: मायावती बोलीं- भाजपा के मंत्री के खिलाफ कार्रवाई का देश को इंतजार

जाति में बांधना सेना का अपमान, राष्ट्रधर्म सर्वोपरि: सीएम योगी
सपा नेता रामगोपाल यादव की विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर की गई जातिसूचक टिप्पणी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सेना की वर्दी को जातिवादी चश्मे से नहीं देखा जा सकता। सेना का हर जवान राष्ट्रधर्म निभाता है, न कि किसी जाति या मजहब का प्रतिनिधि होता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक वीरांगना को जाति की सीमा में बांधना सपा की संकीर्ण और विकृत मानसिकता को दर्शाता है। यह न सिर्फ सेना के शौर्य का अपमान है, बल्कि देश की अस्मिता पर भी आघात है। उन्होंने कहा कि यह वही सोच है जो तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते राष्ट्रभक्ति तक को बांटने का दुस्साहस करती है। कहा कि देश की जनता इस विकृत सोच का जवाब जरूर देगी। 
विज्ञापन

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि इंडिया गठबंधन के नेता लगातार भारतीय सेना और सैनिकों पर अपमानजनक टिप्पणियां करते रहे हैं। समाजवादी पार्टी के नेता और प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर जो जातिगत टिप्पणी की है, उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राम गोपाल यादव को तत्काल क्षमा मांगनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि इसके पहले भी इंडिया गठबंधन के नेता लगातार सेनाओं का अपमान करते रहे हैं। वे कभी भारतीय सेना के शौर्य पर विश्वास नहीं करते। वे सेना की कार्रवाई के लिए बार-बार सबूत मांगते हैं, इससे भी आगे बढ़कर वे व्यक्तिगत रूप से सेना के अधिकारियों का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें