फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad: ठाकुरद्वारा जाने से पहले सपा प्रतिनिधिमंडल रोका, सपा सांसद और विधायक नजरबंद; भारी पुलिस बल तैनात

Thu, 23 Apr 2026 04:43 PM IST
Vimal Sharma संवाद न्यूज एजेंसी, ठाकुरद्वारा

सार

ठाकुरद्वारा के नारायणपुर छंगा में आंबेडकर प्रतिमा विवाद के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल को गांव जाने से पहले ही पुलिस ने रोक दिया। सांसद रुचि वीरा, विधायक नवाब जान खां समेत कई नेताओं को नजरबंद किया गया। प्रशासन ने निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए मीडिया को भी दूर रखा। 
विज्ञापन
ठाकुरद्वारा में तैनात पुलिस - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गांव नारायणपुर छंगा में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। बृहस्पतिवार को मौके पर जाने से पहले समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने रोक दिया। सांसद, विधायक समेत कई नेताओं को नजरबंद कर दिया गया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

विज्ञापन


नारायणपुर छंगा प्रकरण को लेकर सपा का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचकर पीड़ितों से मिलने वाला था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए नेताओं को रास्ते में ही रोक दिया। ठाकुरद्वारा स्थित पशुपति गेस्ट हाउस में सांसद रुचि वीरा को रोक दिया गया। यहां मीडिया और सपा कार्यकर्ताओं को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।

गेट पर एसडीएम, सीओ समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। ठाकुरद्वारा से सपा विधायक नवाब जान खां को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया। उनके आवास के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। विधायक ने आरोप लगाया कि जब-जब योगी सरकार डरती है पुलिस को आगे कर देती है।
विज्ञापन


सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव को तिकोनिया पर रोक दिया गया, जबकि मनोज पारस को नगीना में रोका गया। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष नवीन यादव को भी उनके घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। जनपद भर में सपा नेताओं के घरों पर पुलिस की तैनाती रही।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सांसद रुचि वीरा, जिलाध्यक्ष जयवीर यादव समेत 11 सदस्यीय टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर यह प्रतिनिधिमंडल 16 अप्रैल की घटना के बाद स्थिति का आकलन करने और पीड़ितों से मिलने के लिए गठित किया गया था।

इस दौरान प्रशासन ने डीएम की निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए पत्रकारों को भी सांसद से बातचीत नहीं करने दी। मौके पर एसपी देहात, एडीएम प्रशासन, एसडीएम, सीओ सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बाद में पुलिस सांसद को मुरादाबाद ले गई। उधर, गांव नारायणपुर छंगा में पुलिस की मौजूदगी में स्थिति शांत बनी रही।

इससे पहले एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ गांव में पैदल मार्च किया। उन्होंने सीओ आशीष प्रताप सिंह और प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार से हालात की जानकारी ली और ग्रामीणों से बातचीत भी की।  पुलिस के अनुसार गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है। 

गौरतलब है कि 16 अप्रैल को भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह के जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान आंबेडकर पार्क के पास वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और पथराव हुआ। जिसमें 11 लोग घायल हो गए थे।  पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें