घर से निकली किशोरी लापता, रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र में दुकान से सामान खरीदने घर से निकली किशोरी लापता हो गई। किशोरी की मां ने इस मामले में एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। किशोरी की मां ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी आठ अप्रैल की शाम चार बजे घर से परचून की दुकान पर सामान लेने गई थी। महिला का आरोप है कि सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक निवासी नदीम उसे अपने साथ ले गया है। मां ने आशंका जताई कि आरोपी उसकी बेटी के साथ कोई घटना कर सकता है। सीओ कोतवाली सुनीता दहिया ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है।
स्कूल के चौकीदार को पीटा, चार पर रिपोर्ट
मझोला थानाक्षेत्र के लाइनपार स्थित स्कूल के चौकीदार को कुछ लोगों ने पीटकर घायल कर दिया। उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। लाइनपार रामलीला ग्राउंड के पास स्थित श्री सत्य साई अकादमी के उप प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके स्कूल के गेट के सामने रहने वाली रामवीर और रीना ने बांसों की बैरीकेडिंग लगा दी थी।
27 जनवरी 2026 को चौकीदार राजू ने बैरीकेडिंग हटाने की कोशिश की तो दो महिलाएं और उनके बेटे आ गए और राजू के साथ मारपीट की। उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी महिला रामवीरी, उसके बेटे नितिन, रीना और उसके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दहेज के लिए किया प्रताड़ित, तीन तलाक देकर घर से निकाला
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देने और ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर पति समेत आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक निवासी सुबहान के साथ 2018 को हुई थी।
शादी के बाद से ही उसे ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। मारपीट की जाती थी। वह अपने मायके में आकर रहने लगी थी। एक अप्रैल को वह मां और भाई के साथ ससुराल पहुंची तो पति और ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सुबहान, सास वलीसा, जेठ मुशर्रफ उर्फ छोटे, जेठानी शबाना, ननद बबली, ननदोई कौसर, दूसरी ननद रेशमा और ननदोई यासीन पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।