दरांती के वार से महिला घायल, केस
कांठ के छजलैट थाना क्षेत्र के गांव अन्यारी उर्फ अलीनगर निवासी जगवती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह घर पर अकेली थी। तभी गांव के सतेंद्र, दीपांशी, प्रीति और सोमवती घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने बिना किसी बात आते ही उससे गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान सतेंद्र ने उस पर दरांती से वार कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया। गांव वालों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने सीएचसी में घायल का उपचार कराने के बाद तहरीर के आधार पर तीन महिलाओं सहित सभी चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके विवेचना शुरू की है।
दहेज उत्पीड़न के आरोप में छह पर केस
डिलारी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी थाना भगतपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी सुशांत कुमार के साथ 18 अप्रैल 2024 को हुई थी। उसके बाद से दहेज की मांग पूरी नही होने पर पति सहित ससुरालियों नें उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।
14 फरवरी 2025 को एक पुत्री को जन्म दिया उसके उपरांत उनके तेवर बिगड़ गए। 20 लाख रुपये नकद व एक चौपहिया वाहन की मांग करने लगे। इसी बीच देवर पर भी गंभीर आरोप लगाए। ननद पर खाना बनाते हुए चूल्हे में धक्का देने व पति पर फोटो वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति सुशांत कुमार ,महेन्द्र सिंह, कमलेश देवी, निशांत चौधरी, अर्चना व अनुराग के खिलाफ केस दर्ज किया है।
महिला की पिटाई में पांच पर रिपोर्ट दर्ज
कांठ के छजलैट थाना क्षेत्र के गांव चक जागवाली मिलक निवासी संतोष पत्नी ब्रह्म सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह पिछले काफी दिनों से बीमार है। 25 अक्तूबर शनिवार को वह घर पर थी। आरोप है कि तभी गांव के सतीश, बलराम, रोशन, प्रवेश और नीतू घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।
मना करने पर सभी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। शोर सुनकर आए गांव के लोगों ने उसे जैसे-तैसे इनसे बचाया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। छजलैट पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद दोनों महिलाओं सहित सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पिटाई कर घायल करने का आरोप
भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मिलक महेशपुर खेम निवासी एक व्यक्ति ने चार आरोपियों पर गाली-गलौज करने व विरोध पर पिटाई कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीण रतन सिंह के अनुसार उनके गांव का एक युवक एक खंभे पर ईंट मार रहा था जिस पर उसने उसे मना किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने तीन अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी व विरोध करने पर आरोपियों ने उसे लाठी डंडों से पीट कर घायल कर दिया।
इस संबंध में रतन सिंह की तहरीर के आधार पर ग्राम मिलक महेशपुर खेम निवासी मोसिम, अशरफ अली, अकबर अली व सलमान के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
महिला को पीटा, दो पर मुकदमा दर्ज
सिरसवां दोराहा क्षेत्र के ग्राम दादूपुर पाईंदापुर निवासी नसरीन बेगम ने थाना प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बताया बुधवार की शाम को मैं घर का कूड़ा डालने जा रही थी। इसी बीच गांव के ही साबिर एवं हमीद ने मुझे गालियां देनी शुरू कर दी।
मेरे द्वारा विरोध करने पर उक्त लोगों ने मुझे लाठी–डंडों से पीट कर घायल कर दिया। जिससे मेरे सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपियों खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घायल को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।
छेड़खानी के विरोध पर किया पथराव
कांठ के छजलैट के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह अपने घर थी। आरोप है कि तभी गांव का भीम सिंह आया और उसे गालियां देने लगा। जब वह मना करने बाहर आई तो आरोपी ने उसे पकड़ लिया और छेड़खानी करने लगा।
शोर मचाने पर उसके पति, बेटे और मोहल्ले वालों के आने पर आरोपी भागकर पड़ोसी के घर की छत पर चढ़ गया। उसने अपने रिश्तेदारों को भी बुला लिया। सभी ने छत से उसके घर में पथराव किया। छजलैट पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी सहित पथराव करने के आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की है।