मुरादाबाद। रक्षाबंधन का त्योहार सिर्फ राखी और मिठास तक सीमित नहीं रहा। इस बार मुरादाबाद रीजन की महिलाओं ने मुफ्त बस सफर सुविधा का भी जमकर लाभ उठाया। यूपी रोडवेज की बसों में महिलाओं और उनके साथ एक पुरुष सदस्य ने मुफ्त सफर का लाभ उठाकर मुरादाबाद रीजन के लोगों ने 1.59 करोड़ रुपये की बचत की। फ्री यात्रा की सुविधा देने के मामले में मुरादाबाद रीजन प्रदेश के सभी 20 रीजनों को पछाड़ते हुए पहले स्थान पर रहा।
परिवहन निगम के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को रक्षा बंधन के पर्व पर मुरादाबाद रीजन से कुल 1,90,645 महिलाओं ने मुफ्त में सफर किया जिसका टिकट मूल्य करीब 1.59 करोड़ रुपये रहा। रक्षाबंधन के दिन मुरादाबाद मंडल के सभी जिलों के बस अड्डों पर सुबह से ही चहल-पहल थी। बस पर चढ़ने के लिए मारामारी हो रही थी जिसे देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के अतिरिक्त फेरे की सुविधा प्रदान की थी।
- रक्षा बंधन पर फ्री सफर कराने वाले टॉप-10 रीजन
रीजन फ्री सफर करने वाले कुल राशि
मुरादाबाद 1,90,645 1.59 करोड़ रुपये
लखनऊ 1,63,113 1.86 करोड़ रुपये
मेरठ 1,56,470 1.36 करोड़ रुपये
हरदोई 1,47,177 1.62 करोड़ रुपये
गोरखपुर 1,35,447 1.15 करोड़ रुपये
प्रयागराज 1,24,374 1.27 करोड़ रुपये
सहारनपुर 1,21,040 95.25 लाख रुपये
चित्रकूट 1,13,941 97.65 लाख रुपये
बरेली 1,13,179 1.49 करोड़ रुपये
इटावा 1,13,272 1.83 करोड़ रुपये
वापसी के लिए भी बस अड्डों पर उमड़ी भीड़
रक्षाबंधन के बाद रविवार को बस अड्डों पर एक बार फिर यात्रियों की भीड़ उमड़ी। लोग अपने कार्यस्थल पर वापस जाने के लिए बसों पर चढ़ने के लिए संघर्ष करते नजर आए। दोपहर के बाद बस अड्डों पर भीड़ बढ़ती गई। नजारा ऐसा रहा कि बस के आते ही लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई यात्रियों की इस दौरान आपस में तीखी नोकझोंक भी हुई। युवा खिड़की से ही बस के अंदर घुसते हुए दिखे जबकि महिलाओं को बस में चढ़ने के लिए मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद रोडवेज कर्मचारी एवं पुलिस बल ने यात्रियों को कतारें लगवाकर बस पर चढ़ाते रहे। विभागीय आकंड़ों के अनुसार करीब एक लाख लोगों ने रविवार को पूरे मंडल की बसों से मुफ्त में सफर किया।
बुनियादी सुविधाओं को भी तरसे यात्री
पीतलनगरी बस अड्डे पर यात्रियों की शिकायत रही की टंकी से गंदा पानी आ रहा था। कई यात्रियों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। लोगों ने पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझाई। वहीं यात्रियों ने शौचालय गंदा होने की भी शिकायत की। शौचालय की सफाई न होने से कई यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।