सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के काजीपुरा में बृहस्पतिवार की रात प्रॉपर्टी डीलर अभय उर्फ पंकज (32) ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। परिवार के लोगों का कहना है मां की मौत के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थे। शुक्रवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
मृतक अभय परिवार में सबसे छोटे भाई थे। उनके दोनों भाई और बहन की शादी हो चुकी थी। परिजनों ने जनपद संभल निवासी युवती से उनका रिश्ता तय हो गया था। होली के बाद मार्च में शादी करने की योजना थी लेकिन उससे पहले ही अनहोनी हो गई।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के बूजपुर आशा में एक महिला ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर पति समेत आठ पर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बूजपुर आशा में बृहस्पतिवार शाम छह बजे नेमवती ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिंटर के कुंड में दुपट्टे से लटककर आत्महत्या कर ली।
काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों ने खिड़की तोड़कर देखा तो शव फंदे पर लटका था। रामपुर के शहजाद नगर दीनपुर निवासी नेमवती के भाई निमेन्द्र यादव दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसकी छोटी बहन नेमवती की शादी तीन मार्च 2024 में बूजपुर आशा निवासी परमिंदर के साथ हुई थी। ससुराली उसके साथ मारपीट करते थे।
12 फरवरी को निमेन्द्र बूजपुर आशा गया था। बहन को अपने साथ ले जाने कहा तो उसे धक्के मार कर भगा दिया था। बृहस्पतिवार को पति परमिंदर ससुरालियों ने उसकी हत्या कर दी। एसएचओ आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर आधार पर पति परमिंदर, ससुर करतार, सास शांति, मौसी नाम नामालूम, ननद आशा, ज्योति, बहनोई सोमपाल, ममेरा भाई जोगेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।