अभिनेत्री जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस मुरादाबाद के सांसद डॉ. एसटी हसन की आवाज का नमूना लेगी। कोर्ट ने विवेचक के प्रार्थना पत्र को स्वीकार कर लिया है। साथ ही आदेश दिया है कि विवेचक के बुलाने पर सांसद आवाज का नमूना देने उपस्थित होंगे।
रामपुर में आवास विकास कॉलोनी निवासी मुस्तफा हुसैन ने सिविल लाइंस थाने में सांसद एवं पूर्व मंत्री आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, मुरादाबाद सांसद डॉ. एसटी हसन, राम नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अजहर खां, फिरोज खां समेत सैयद आरिफ हसन और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुस्तफा हुसैन की ओर से आरोप लगाया गया था कि 30 जून 2019 को कटघर थानाक्षेत्र स्थित मुस्लिम डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद व अभिनेत्री जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस केस की सुनवाई एडीजे एमपी/एमएलए स्पेशल न्यायाधीश पुनीत गुप्ता की अदालत में चल रही है।
मंगलवार को इस मामले में विवेचक की ओर से अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। जिसमें विवेचक ने मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन की आवाज का नमूना लेने की अनुमति मांगी थी। शनिवार को इस मामले में अदालत में सुनवाई चली। क्राइम ब्रांच के विवेचक विजेंद्र सिंह कोर्ट में उपस्थित हुए । अदालत ने विवेचक के प्रार्थना पत्र को स्वीकार कर लिया है ।
अदालत ने आदेश दिया है कि विवेचक के बुलाने पर सांसद अपनी आवाज का नमूना देने के लिए उपस्थिति होंगे। सरकार की ओर से अदालत में अपर जिला शासकीय अधिवक्ता मनीष भटनागर और सहायक अधिवक्ता कौशल उपस्थित रहे।