दिल्ली की एक युवती ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसे मुरादाबाद में निर्यात फर्म में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक ने बुलाया था। आरोपी और उसका साथी युवती को होटल में ले गए और दोनों ने युवती को बेहोश कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि मुरादाबाद निवासी एहतेशाम सैफी से मोबाइल के जरिये उसकी जान पहचान हुई थी। दोनों के बीच कई बार फोन पर बातचीत भी हुई। आरोपी ने युवती से कहा था कि मुरादाबाद में बहुत निर्यात फर्म हैं। वो मुरादाबाद में उसकी नौकरी लगवा देगा। युवती आरोपी के झांसे में आ गई। शनिवार को वह मुरादाबाद पहुंची और उसने युवक को कॉल की। आरोपी युवक अपने एक साथी के साथ रोडवेज बस अड्डे पर पहुंच गया और युवती को वहां से अपने साथ कोतवाली क्षेत्र के बुध बाजार स्थित एक होटल में ले गए।
यहां युवती को एक कमरा भी दिलाया था। आरोपी ने यहां कमरे की बुकिंग फरहान की आईडी पर कराई थी। युवती का आरोप है कि दोनों ने उसे नशीला पेय पिला दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों आरोपी होटल से मौका पाकर भाग निकले। युवती को होश आया तो उसने होटल में युवकों के बारे में पूछताछ की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद युवती कोतवाली पहुंच गई।
यहां युवती ने सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी दी तो हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी फोर्स लेकर होटल पहुंच गए और उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।