अभिषेक सिंह, अमर उजाला, मुरादाबाद।
मुरादाबाद। साल गुजरने को है, ऐसे में मानव गंध से ट्रेस कर खोज निकालने की क्षमता रखने वाले तीन नए डॉग पुलिस को मिले हैं। अब डॉग स्क्वाड के पास डॉग की संख्या चार से बढ़कर सात हो गई है। नए डॉग गिव, दमन और रोली हैं। जिनकी मदद से अब आपराधिक वारदातों में घटनास्थल पर बदमाशों की तलाश की जाएगी।
पुलिस को मिले तीन नए डॉग में से रोली जर्मन शेफर्ड है। दमन लेब्राडोर और गिव डाबर मैन प्रजाति के हैं। इन तीनों ट्रेकर डॉग की हरियाणा के पंचकुला में ट्रेनिंग की गई है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इनको मुरादाबाद पुलिस के सुपुर्द किया गया है। इन तीनों डॉग को सुबह पांच बजे उठना होता है। इसके बाद इनको सुबह पुलिस लाइन में टहलाने के लिए जे जाया जताया है। फिर तीनों डॉग व्यायाम करते हैं। इसके बाद इनको नाश्ता दिया जाता है। नाश्ते में इनको प्रतिदिन दो अंडा और छह सौ ग्राम दूध दिया जाता है। इसके बाद खाने के लिए रोटी, हरी सब्जी, छह सौ ग्राम प्रतिदिन मीट दिया जाता है। रोजाना शाम के वक्त भी इनको व्यायाम कराया जाता है। दो बाद नाश्ता और दो बार खाना खिलाया जाता है। पशु चिकित्साधिकारी समय समय पर इनका चेकअप करते हैं।
.........
विस्फोटक पदार्थ ढूंढने वाले भी डॉग
मुरादाबाद। पुलिस के पास चार डॉग और हैं जो कि लंबे समय से अपराधियों की धरपकड़ से लेकर विस्फोटक पदार्थों की तलाश में पुलिस की मदद करते रहे हैं। इनमें रीमा, हीना और हुक्म, विकोन शामिल हैं। हुक्म और विकोन का इस्तेमाल विस्फोटक पदार्थ की तलाश में किया जाता है। ये स्निफर डॉग हैं। जबकि हिना और रीमा मानव गंध के जरिए चोरी, लूट, डकैती और हत्या जैसी संगीन वारदातों में आरोपियाें की तलाश में पुलिस की मदद करती हैं। ये ट्रेकर हैं।