बुद्धि विहार में लीक पाइप लाइन से आ रहा गंदा पानी, लोग परेशान
शहर की बुद्धि विहार कॉलोनी सेक्टर-01 ए व सेक्टर-02 के कई घरों की पानी की टंकी में गंदा पानी आने से लोग परेशान हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। इससे लोगों में रोष है। बुद्धि विहार सेक्टर-1 ए निवासी नितिन गैरा, गौरव सिंह आदि ने बताया कि उनकी कॉलोनी के अधिकांश घरों में पिछले कुछ दिनों से थोड़ा बहुत गंदा पानी आता था।
शिकायत के बाद उसे ठीक भी किया गया, लेकिन कुछ दिन बाद फिर गंदा पानी आने लगा। शनिवार शाम और रविवार सुबह उनकी टंकियों में काफी गंदा और बदबूदार पानी शुरू में आया। काफी देर बाद वह थोड़ा बहुत साफ हो सका। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि उन्हें नगर आयुक्त समेत कई अधिकारियों को गंदे पानी की फोटो डाल कर उसे ठीक कराने की मांग की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इस संबंध में क्षेत्रीय अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि बुद्धि विहार के सेक्टर-01 ए में गंदे पानी आने की शिकायत मिली थी। जिसमें मौके पर टीम को भेज कर ठीक करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन के एक ज्वाइंट प्वाइंट के ढीला हो जाने के कारण गंदा पानी आ रहा था। जिसे दुरुस्त करा दिया गया है।
सेक्टर-9 ए में आए दिन पानी टंकी लीक होने से दिक्कत
आवास विकास सेक्टर-9 ए की कॉलोनी में आए दिन पानी टंकी लीक होने के कारण वहां रहने वाले लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। फ्लैट्स में रहने वालों ने बताया कि आवास विकास द्वारा इस कॉलोनी को अभी नगर निगम को हैंडओवर नहीं किया जा सका है। इसके कारण उन्हें तमाम तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की पाइप लाइन अक्सर लीक हो जाती है। आवास विकास के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण कई-कई दिन उसे दुरुस्त नहीं कराया जाता। जिससे फ्लैट में रहने वाले लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। रविवार ट्यूबवेल के पास पानी की पाइप लाइन लीक हो गई। जिससे लोगों के घरों में गंदा पानी जाने लगा।
सूचना पर पहुंचे कर्मचारी उसे पूरे दिन दुरुस्त करने में जुटे रहे। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इसके अलावा आवास विकास द्वारा लोगों के घरों से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। चहारदीवारी भी नहीं है। इससे लोगों में रोष हैं।