सिविल लाइंस के रामगंगा विहार की चटोरी गली में एक युवती के चक्कर में बैंक और इंश्योरेंस कंपनी के अफसरों के बेटे भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ कर चौकी ले गई।
सोमवार दोपहर दोनों युवकों को थाने बुलाकर और हवालात में बंद किया गया तो दोनों के पिता फूट-फूटकर रोने लगे। बाद में दोनों पक्ष समझौता कर अपने -अपने घर चले गए। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाले बैंक मैनेजर का बेटा एमबीए कर रहा है।
रविवार रात वह सिविल लाइंस क्षेत्र में अपने दोस्त के घर गया था। वहां से वह अपने दोस्त के साथ चटोरी गली में मोमोज और समोसे खरीदने गया था। रात करीब दस बजे दोनों दोस्त मोमोज पैक करा रहे थे।
इसी दौरान एक इंशोरेंस कंपनी के अधिकारी का बेटा अपनी मित्र के साथ कार से वहां पहुंच गया। युवक खुद भी इंश्योरेंस कंपनी में ही कार्यरत है। एमबीए छात्र का आरोप है कि कार सवार युवक उसके पास आ गया और पीटना शुरू कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया।
इंश्योरेंस कंपनी में काम करने वाले युवक ने बताया कि छात्र उसकी मित्र को लंबे समय से परेशान कर रहा है। आरोप है कि छात्र ने भी अपने दोस्त बुला लिए और कर्मचारी की पिटाई की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को पकड़कर चौकी ले गई।
पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। सोमवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया। दोनों युवकों के पिता उन्हें अपने साथ लेकर पहुंचे। इस दौरान उस युवती को भी थाने बुला लिया गया, जिसकी वजह से झगड़ा हुआ था।
यहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। इस दौरान फिर दोनों पक्ष भिड़ गए और हंगामा होने लगा। पुलिस ने दोनों युवकों को हवालात में बैठा दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना का कहना है कि दोनों पक्ष समझौता कर चले गए हैं। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।