रेल मंडल के रोजा-बरतारा सेक्शन में दोहरीकरण का कार्य समाप्ति की ओर है। इस कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे ने फरवरी तक का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके लिए जनवरी में रेलवे पांच दिन का ब्लॉक लेगा। इससे लखनऊ-दिल्ली रूट के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि लखनऊ जाने वाली कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने की योजना है जबकि कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया जा सकता है। जनवरी के प्रथम सप्ताह में कार्य शुरू करने के लिए रेलवे तैयारी कर रहा है।
दोहरीकरण का कार्य पर होने के बाद रेलवे के मुख्य संरक्षा आयुक्त शैलेश पाठक ट्रैक का स्पीड निरीक्षण करेंगे। ज्ञात हो कि रोजा-सीतापुर के बीच 80 किमी के रूट पर दोहरीकरण का यह कार्य पिछले दो साल से चल रहा है। तीन चौथाई काम पूरा हो चुका है। अब शुरुआती स्टेशन रोजा से बरतारा के बीच दस किमी का दोहरीकरण काम होगा। रेलवे प्रशासन बोर्ड से ने पांच दिन का मेगा ब्लाक मांगा है। इसमे नॉन इंटरलॉकिंग समेत यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य शामिल है।
कार्य पूरा होने के बाद इस रुट पर 140 किमी की स्पीड से निरीक्षण होगा। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि फरवरी तक डबलिंग का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रेलवे ने निर्धारित किया था। दोहरी लाइन का रेल संचालन पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा। इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी। सीतापुर से कनेक्टिंग के बाद एनईआर की ट्रेनों को बड़ी राहत मिलेगी। यह काम पांच या छह दिन चलेगा। मुख्यालय की मंजूरी के बाद जनवरी के पहले हफ्ते में काम शुरु होगा। इससे रेल संचालन प्रभावित रहेगा।