मुरादाबाद के मझोला थानाक्षेत्र में अजहर ने फेसबुक पर लकी नाम से आईडी बनाकर भजन गायक की पत्नी से दोस्ती कर ली। आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया।
इस वीडियो के जरिए आरोपी ने महिला और उसके बच्चों का धर्म परिवर्तन करा दिया। पुलिस ने भजन गायक की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी अजहर को गिरफ्तार कर लिया है। मझोला क्षेत्र में रहने वाले भजन गायक ने दर्ज कराए केस में बताया कि वह वृंदावन में रहकर भजन गाते हैं।
उसकी पत्नी और चार बच्चे मझोला क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहते हैं। दो साल पहले अजहर नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पर लकी नाम से आईडी बनाकर उसकी पत्नी और बच्चों से संपर्क किया। इसके अलावा साइस्ता परवीन और शाहीन भी गायक के परिवार के संपर्क में आई।
गायक का आरोप है कि आरोपी अजहर उर्फ लकी ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी लगवाने, मकान, लैपटॉप और मोबाइल दिलवाने का लालच दिया। गायक की गैरमौजूदगी में आरोपी अजहर उनके घर आ गया और उसकी पत्नी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया।
महिला के साथ दुष्कर्म कर बनाया वीडियो
इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। होश में आने पर महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
'पूजा करनी बंद कर दी और नमाज पढ़ने लगे'
इसी डर से महिला अपने बच्चों को पति से अलग करना चाहती है। भजन गायक का कहना है कि आरोपी ने डरा धमकाकर उसकी पत्नी और बच्चों का धर्म परिवर्तन करा दिया है। महिला और बच्चों ने पूजा करनी बंद कर दी और नमाज पढ़ने लगे हैं।
शिवसेना ने की रासुका में कार्रवाई की मांग
धर्म परिवर्तन के विरोध मे शिवसेना पदाधिकारियों ने जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में मझोला में प्रदर्शन किया। आरोपी के खिलाफ रासुका में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कमल सिंह राव, मुदित उपाध्यय, शिब्बू पांडे, अरुण ठाकुर, आकाश कुमार आदि मौजूद रहे।