काशीपुर-धामपुर रेल लाइन का सर्वे पूरा, बनेगी डीपीआर
काशपीुर-धामपुर रेल लाइन का प्राथमिक सर्वे पूरा हो चुका है। अब रेलवे की टीम तय कर रही है कि किन स्थानों से होकर रेल लाइन गुजरेगी। इसके लिए जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। ठाकुरद्वारा से जसपुर, भूतपुरी, शेरकोट होते हुए धामपुर तक 58 किमी की दूरी तक रेलवे ट्रैक बिछाया जाएगा।
सर्वे पूरा होने के बाद रेलवे बाधाओं को दूर करने में लगा है। इसके बाद प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार की जाएगी। इस रेलखंड पर रेल संचालन का कार्य पूर्वोत्तर रेलवे करेगा। मुरादाबाद मंडल से लाइन होकर गुजरेगी, इसलिए ठाकुरद्वारा, जसपुर से धामपुर तक मुरादाबाद मंडल के अधिकारी पूरी नजर बनाए हुए हैं।
1.45 करोड़ रुपये से इसका सर्वे किया गया है। पूरा प्रोजेक्ट करीब 1200 करोड़ रुपये का है। लाइन बिछाने के बाद विद्युतीकरण किया जाएगा। इसके बाद यहां ट्रायल होगा और मुख्य संरक्षा अधिकारी मुआयना करेंगे। उनकी ओके रिपोर्ट के बाद इस सेक्शन पर ट्रेन चल सकेगी। इस कार्य में करीब दो साल लग जाएंगे।
हालांकि, ट्रेन चलने से ठाकुरद्वारा, काशीपुर, जसपुर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। लोगों की लगातार मांग व जनप्रतिनिधियों के पत्र के बाद सरकार ने इस वर्ष के रेल बजट में नई रेल लाइन को शामिल किया है। पिंक बुक में भी इसका विवरण दिया गया है।
ट्रेन चलने के बाद एक घंटे से भी कम समय में यात्री काशीपुर से धामपुर तक पहुंच जाएंगे। सड़क मार्ग से डेढ़ घंटे से अधिक समय लगता है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा से लगातार नई रेल लाइन को लेकर मांग उठ रही थी। प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य चल रहा है। प्राथमिक सर्वे पूरा हो चुका है। जल्द ही इसकी डीपीआर बनाई जाएगी।