मुरादाबाद के ताहरपुर गांव में नमाज के बाद पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडों और रॉड से मारपीट हो गई। दोनों ओर से हुए पथराव में महिलाओं सहित 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर में शुक्रवार को नमाज के बाद अचानक माहौल बिगड़ गया। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडों और लोहे की रॉडों से मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ।
विज्ञापन
इसमें महिलाओं सहित करीब 12 लोग घायल हो गए। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मैनाठेर थाना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भिजवाकर मेडिकल परीक्षण कराया।
गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसकी निपटारा पुलिस की मौजूदगी में करा दिया गया था।
विज्ञापन
उसी पुराने मामले को लेकर फिर से कहासुनी बढ़ी और मारपीट में बदल गई। एक पक्ष के सऊद अहमद ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के दऊद ने उसके पैसे देने थे। जब उसने रकम मांगी तो गाली-गलौज कर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया।
वहीं दूसरे पक्ष के भूरे हुसैन ने बताया कि दो महीने पहले बच्चों के झगड़े का मामला समझौते से खत्म हो गया था लेकिन पुरानी रंजिश मानते हुए फिर हमला किया गया। दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना मैनाठेर पुलिस का कहना है कि गांव में अब स्थिति नियंत्रण में है।