कैराना की सपा सांसद इकरा हसन पर अभद्र टिप्पणी कर चर्चा में आए करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने बृहस्पतिवार की रात मझोला क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस टीम योगेंद्र राणा और उसके साथ अंशु शर्मा को हिरासत लेकर थाने पहुंची तो आरोपी ने वहां भी हंगामा किया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी योगेंद्र राणा, उसके साथी अंशु शर्मा और छह अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जमानत मिल गई। मझोला थानाक्षेत्र में दिल्ली रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे बरात चढ़त के दौरान कुछ लोग झगड़ा कर रहे थे।
इसकी सूचना मिलने पर यूपी डायल 112 पीआवी 0252 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शोर शराबा कर रहे युवकों को समझाने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर लाइनपार चौकी प्रभारी शिवम कुमार वशिष्ठ और अन्य पुलिसकर्मी भी आ गए।
आरोप है कि खुद को करणी सेना का प्रदेश उपाध्यक्ष बताने वाले योगेंद्र राणा और उसके साथी अंशु शर्मा ने चौकी प्रभारी के साथ मारपीट कर दी। योगेंद्र राणा ने इस दौरान कहा कि करणी सेना का प्रदेश उपाध्यक्ष हूं। पुलिसकर्मी मेरा कुछ नहीं कर सकते हैं। हंगामा बढ़ने पर मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार टीम लेकर पहुंच गए और योगेंद्र राणा और उसके साथ अंशु शर्मा को पकड़ लिया।
पुलिस दोनों को थाने ले गई जबकि अन्य आरोपी मौके से भाग गए। कटघर के पीतलनगरी समरधान काॅलोनी निवासी योगेंद्र राणा और कटघर के मोहल्ला बरवलान निवासी अंशु शर्मा ने थाने में भी हंगामा किया है।
मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि लाइनपार चौकी प्रभारी शिवम कुमार वशिष्ठ की ओर से आरोपी योगेंद्र सिंह, अंशु शर्मा छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से दोनों को जमानत मिल गई।