बहादुर नगर निवासी अरमान (20) शेरपुर पट्टी में बाल कटिंग की दुकान चलाता था। शनिवार को बाइक से दोनों ग्राम लालापुर पीपलसाना गए थे। दोपहर के समय दोनों घर लौट रहे थे। डिलारी-सुरजननगर मार्ग पर तालमपुर मोड़ पर डिलारी की तरफ से आई तेज गति कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
कार बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में सुहेल की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अरमान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा लाया गया जहां से परिजन हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए काशीपुर के निजी अस्पताल ले गए।
वहां पर उपचार के दौरान अरमान ने भी दम तोड़ दिया। सुहेल की मां सलमा, भाई सलमान, बहन नर्गिस का रोते बिलखते बुरा हाल है। कोतवाल जसपाल सिंह ग्वाल के अनुसार सुहेल की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि अरमान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है।
पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। उसके चालक की तलाश की जा रही है। कार बिजनाैर जिले के अफजलगढ़ क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति की बताई जा रही है। कोतवाल के मुताबिक, कार मालिक का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस चाैकी से गायब कर दी हादसा करने वाली कार
छात्र सोहेल और युवक अरमान को टक्कर मारकर माैत की आगोश में सुलाने वाली कार को सुरजन नगर चाैकी से आनन-फानन में हटा दिया गया। कार बिजनाैर के एक दरोगा की बताई गई है। शायद इसी वजह से कार को चाैकी से हटाना माना जा रहा है।
कोतवाल का कहना है कि कार पुलिस की कस्टडी में है। दो लोगों की माैत के बाद कहीं गुस्साएं लोग कार में तोड़फोड़ न कर दें इसलिए चाैकी से हटा दिया गया है। शनिवार को डिलारी-सुरजन नगर मार्ग पर कार ने बाइक सवार छात्र सोहेल और युवक अरमान को टक्कर मार दी थी।
सोहेल की माैके पर ही माैत हाे गई थी, जबकि अरमान ने काशीपुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था। हादसे के बाद कोतवाल ने बताया था कि क्षतिग्रस्त बाइक और टक्कर मारने वाली कार को जब्त कर सुरजन नगर चाैकी पर खड़ा करा दिया गया है। देर शाम जब सुरजन नगर चाैकी पर देखा गया तो कार वहां नहीं थी।
चाैकी प्रभारी का कहना था कि कार ठाकुरद्वारा कोतवाली भेज दी गई है लेकिन देर रात तक कार यहां भी नहीं आई। कोतवाल ने कहा कि तोड़फोड़ के डर से कार एक सुरक्षित स्थान पर खड़ी करा दी गई है।