मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के एक गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। दमकल की पांच गाड़ियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक प्लास्टिक पैनल गोदाम में भीषण आग लग गई। उसकी लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर तैनात रही। घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। आगरा हाईवे से सटे बाबा इंटरप्राइजेज नामक गोदाम में अचानक आग लग गई। यह गोदाम आगरा हाईवे पर स्थित है। इसमें प्लास्टिक पैनल का स्टॉक रखा हुआ था, जिनका इस्तेमाल छतों में किया जाता है।
विज्ञापन
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि हाईवे से गुजरने वाले राहगीर भी दहशत में आ गए। जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन इस मामले की जांच कर रहे हैं।