छत से धक्का देकर महिला की हत्या में पति समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी
मझोला क्षेत्र के जयंतीपुर में छत से धक्का देकर महिला की हत्या करने वाले पति समेत चार लोगों पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उधर, बृहस्पतिवार आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि महिला के हाथ पैर और सिर की हड्डियां टूट गई थी। सिर की चोट लगने से उसकी मौत होने की पुष्टि हुई है।
कुंदरकी क्षेत्र के बाकीपुरा निवासी शकीला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी नाजरीन की शादी दो साल पहले मझोला थाना क्षेत्र में जयंतीपुर निवासी शरीफ के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही आरोपी पति और उसके परिजन दहेज के लिए नाजरीन को परेशान कर रहे थे।
कई बार समझाने के बाद परिजन और ससुराल वाले नहीं माने। आरोप है कि मंगलवार की रात आरोपी पति और ससुराल ने नाजरीन पर फिर से दबाव बनाया कि वह अपने मायके से दहेज लेकर आए। नाजरीन ने विरोध किया तो लोहे की रॉड से उस पर हमला कर घायल कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे छत से धक्का दे दिया।
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो घायल को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति शरीफ, ससुर इस्लाम, सास यासमीन और ननद के खिलाफ दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज की गई है।