मुरादाबाद में एक बार फिर डीएम मानवेंद्र सिंह के निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर की पोल खुल गई। प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर मुंडा में सवालों के जवाब छोड़िए कक्षा दो और तीन के बच्चे हिंदी नहीं पढ़ सके। इस स्कूल में 61 बच्चों पर मानक से अधिक सात शिक्षकों की तैनाती है।
डीएम ने डिलारी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ढकिया पीरु का औचक निरीक्षण किया। यहां बच्चों की पढ़ाई और व्यवस्था दुरुस्त पाई गई। डीएम की पूछताछ से पता चला कि प्राथमिक स्कूल में 152 बच्चों की तुलना में चार शिक्षक कार्यरत हैं। उन्होंने कक्षा तीन के बच्चों से गणित के सवाल किए। दो बच्चों ने सवालों के सही उत्तर दिए। पढ़ाई का स्तर ठीक पाया गया। स्कूल का रखरखाव ठीक मिला। कायाकल्प का कार्य भी गुणवत्ता पूर्ण पाया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजित कुमार ने शुक्रवार को परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। अनियमितताएं मिलने पर बीएसए ने दो विद्यालय के कर्मियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बीएसए ने सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय सुलतानपुर दोस्त द्वितीय, प्राथमिक विद्यालय सुलतानपुर दोस्त प्रथम एवं द्वितीय, कंपोजिट विद्यालय जटपुरा का निरीक्षण किया।
सभी विद्यालयों में बीएसए ने शिक्षकों से बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, डीबीटी का कार्य शत प्रतिशत पूरा कराने, यू डायस का कार्य समय से पूरा करने, परिवार सर्वेक्षण का कार्य करने और विद्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था उत्तम करने, विद्यालयों को निपुण बनाने की हिदायत दी। कुछ स्कूलों की व्यवस्था दुरुस्त पाई गई।
जांच के दौरान कंपोजिट विद्यालय लोधीपुर पट्टी, उत्त प्राथमिक विद्यालय सुलतानपुर प्रथम में छात्र कम मिले। साथ ही बच्चों की पढ़ाई की स्थिति ठीक नहीं पाई गई। दो अन्य विद्यालयों में विभागीय कर्मियों के नहीं मिलने और सफाई सही नहीं मिलने के कारण वेतन रोकने के निर्देश दिए।