मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के सैनी वाली मिलक में बुधवार शाम एक युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। युवती की लाश अपने ही घर में पड़ी मिलने से सनसनी फैल गई। छोटी बहन खेत से घर लौटी तो घटना की जानकारी हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक सैनी वाली मिलक में विष्णु सैनी का परिवार रहता है। विष्णु सैनी बुधवार को बाजार गए थे, जबकि उनकी बेटी और बेटे व पत्नी खेत पर गए थे। घर में केवल 22 वर्षीय बेटी पूजा मौजूद थी। बुधवार शाम छोटी बेटी खेत से घर लौटी तो उसने अपनी बहन पूजा को घर में मृत पाया। किशोरी की चीख पुकार पर आस पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पूजा के गले पर चाकू के निशान हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। घटना की जांच की जा रही।