मुरादाबाद जिले में डेंगू व बुखार का कहर जारी है। बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा हाजी मोहम्मद सुलेमान (62) की डेंगू से मौत हो गई। ग्राम मोहम्मद इब्राहिमपुर निवासी सुलेमान कांठ रोड स्थित कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें चार दिन पहले बुखार आया था।
बुखार और डेंगू का कहर इस तरह है कि सरकारी अस्पताल के अलावा कई निजी अस्पतालों में भी बेड फुल हो चुके हैं। एकता कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार (30) को डेंगू की पुष्टि हुई। उनके रक्त में प्लेटलेट्स 40 हजार रह गई थीं। उनके परिजन मंगलवार देर रात एपेक्स अस्पताल लेकर पहुंचे वहां बेड फुल थे।
इसके बाद लाइनपार हर्ष नर्सिंग होम व एक अन्य नर्सिंग होम में भी बेड नहीं मिला। इसके बाद मरीज को गांधी नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस तरह और भी कई मरीज अस्पतालों में बेड के लिए परेशान हो रहे हैं।
बुधवार को जिले में डेंगू के 37 नए मरीज मिले हैं। अब तक मिले मरीजों की संख्या 896 हो चुकी है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव का कहना है कि इसमें कुछ मरीज दूसरे जनपदों के भी हैं। सभी से संपर्क कर उनकी स्थिति जानी जा रही है। जिन मरीजों को चिकित्सकीय सहायता की जरूरत है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
अब तक जिले के विभिन्न गावों में 638 स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जा चुके हैं। हमारी टीम एंटी लार्वा छिड़काव भी कर रही है। लोग अपने घरों के आसपास साफ सफाई रखें और पानी जमा न होने दें। सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। इतनी सी सावधानी से डेंगू से बचा जा सकता है। - डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ