मझोला क्षेत्र के सूर्य नगर में झोलाछाप के इलाज से फर्म कर्मी की मौत हो गई। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद घर लौटते समय परिजनों ने मानसरोवर चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया और झोलाछाप पर कार्रवाई की मांग की। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी झोलाछाप पर कार्रवाई करने के आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराकर जाम खुलवा दिया।
मझोला थाना क्षेत्र के सूर्य नगर निवासी सोनू कश्यप (25) में फर्म काम करता था। उसे कई दिन से बुखार था। रविवार की सुबह युवक परिवार के लोगों ने उसे मोहल्ले में क्लीनिक चलाने वाले झोलाछाप को दिखाया। सोनू के पिता दिनेश कश्यप का आरोप है कि झोलाछाप ने उसे इंजेक्शन लगा दिया था।
जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे किसी दूसरे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर झोलाछाप के क्लीनिक पर ले गए और हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
परिवार शाम करीब साढ़े छह बजे पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शव मानसरोवर चौराहे पर रख कर जाम लगा दिया। इससे दिल्ली रोड पर जाम लग गया। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता और मझोला थाना प्रभारी मोहित चौधरी पहुंच गए।
उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को आश्वासन दिया है कि वह तहरीर दें आरोपी झोलाछाप पर कार्रवाई की जाएगी। करीब आधे घंटे बाद परिजन शव लेकर चले गए। सीओ कुलदीप गुप्ता ने बताया कि परिजन आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया गया है कि तहरीर दें।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजन शांत हो गए और शव लेकर चले गए। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।