फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad: दो विभागों के अफसरों में अहम की लड़ाई.. तीसरे दिन भी सीवर लाइन की खोदाई ठप, अब डीएम तक पहुंचा विवाद

Fri, 01 Dec 2023 02:25 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

कांठ रोड पर भटावली से पीएसी गेट तक जल निगम सीवर लाइन बिछा रहा है। इसके लिए खोदाई का काम शुरू किया गया है। इसे लोनिवि ने रोक दिया है। डीएम ने बताया कि दोनों विभागों को आदेश दे दिया गया है।
विज्ञापन
मुरादाबाद में रुका सीवर डालने का काम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांठ रोड पर सीवर खोदाई के लिए अनुमति को लेकर जल निगम और लोक निर्माण विभाग का विवाद डीएम कार्यालय तक पहुंच गया है। जल निगम सीवर लाइन बिछाने के लिए कांठ रोड पर खोदाई के लिए अड़ा है। वहीं लोनिवि ने नियमों का हवाला देते हुए काम रोक दिया। इसके चलते तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी सीवर खोदाई का काम बंद रहा।

विज्ञापन


डीएम ने कहा कि इस मामले में दोनों विभागों की स्थिति देखकर हल कराया जाएगा। कांठ रोड पर भटावली से पीएसी गेट तक पांच किमी तक सीवर की मुख्य लाइन डाली जानी है। छह दिन पहले जल निगम के माध्यम से कार्य कर रही संस्था केके स्पन ने भटावली से कॉसमॉस के बीच सड़क से सटाकर सीवर लाइन की खोदाई का काम शुरू किया था।

जिसे मंगलवार को लोनिवि ने नियमों का हवाला देते हुए रोक दिया था। जल निगम के अधिशासी अभियंता मोहित राय का कहना है कि उन्होंने सड़क काटने के लिए लोनिवि को सूचना दे दी थी। इधर लोनिवि के अभियंता का कहना है कि स्टेट हाईवे को काटने और बाधित करने से पहले अनुमति लेना जरूरी है। जल निगम ने पांच सड़कों का भुगतान अभी तक नहीं कराया है।
विज्ञापन


बगैर योजना दिए स्टेट हाई वे नहीं काटा जा सकता है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जल निगम काम करा सकता है, लेकिन सड़क की तोड़फोड़ मानक के अनुसार करेगा। साथ ही कंपनी सड़क की मरम्मत नियत समय में करेगी। इसकी कार्ययोजना जल निगम के अधिकारियों को लिखित तौर पर उपलब्ध कराना होगा।

इस कागजी दांवपेंच में जल निगम के अधिकारी फंस गए हैं। इस कारण कांठ रोड पर सीवर लाइन बिछाने का काम बंद है। डीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि जल निगम के अभियंता का फोन आज आया था। इस मामले में दोनों विभागों की स्थिति जानने के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।

दोनों विभागों के अधिकारियों की वार्ता से नहीं निकला निष्कर्ष

जल निगम का काम रोके जाने के बाद जल निगम और लोनिवि के अधिशासी अभियंताओं के बीच तीन दिनों में दो चक्र की वार्ता हुई लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। दोनों विभागों के अधिकारी शासनादेश का हवाला देते हुए अपना अपना तर्क दे रहे हैं। जल निगम के अधिशासी अभियंता का कहना है कि अब जिलाधिकारी ही इस मामले में निर्णय करेंगे।

जल निगम के कार्यों से लोग खफा

जल निगम के धीमी गति के कार्यों को लेकर राम गंगा विहार की जनता खफा है। लोगों का आरोप है कि जल निगम निर्धारित समय से कोई कार्य नहीं करता है। सड़कों को काटने और गड्ढा खोदने के बाद छोड़ देता है। दो माह पहले जनता सड़कों पर भी उतर गई थी। इस मामले में कई लोगों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखा था। पिछले एक साल से राम गंगा विहार की जनता जल निगम का दिया दर्द झेल रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें