कटघर के जीरो प्वाइंट के पास भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए बनाए गए पंडाल में शनिवार शाम करंट उतर आया। जिसमें आठ मजदूर झुलस गए। हादसे के समय मजदूर पंडाल समेट कर अगले शहर जाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस झुलसे मजदूरों को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां एक मजदूर नरेश तुरी(40) की मौत हो गई।
वह झारखंड के चतरा जनपद के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला गांव निवासी था। मुरादाबाद में शनिवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए थे। यात्रा में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही कार्यकर्ता और पदाधिकारी मुरादाबाद में पहुंच गए थे। जिसके लिए कटघर क्षेत्र में जीरो प्वाइंट के पास पंडाल बनाया गया था।
यहां कार्यकर्ता, पदाधिकारी और टीम में शामिल अन्य लोग यहां रुके थे। राहुल गांधी और प्रियंका मुरादाबाद में पहुंचने से पहले जीरो प्वाइंट पर बनाए गए पंडाल पर रुके थे। इसके बाद यात्रा आगे के लिए रवाना हुई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे भारत जोड़ो न्याय यात्रा अमरोहा के लिए रवाना हो गई थी।
इसके बाद जगह जगह लगाए गए पंडाल और टेंट हटाने का कार्य किया जा रहा था। जीरो प्वाइंट पर झारखंड के मजदूर पंडाल हटा रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे पंडाल हटाते समय लोहे की रॉड वहां से गुजर रही बिजली लाइन से टकरा गई। पंडाल में करंट उतर गया। जिसमें आठ मजदूर झुलस गए।
इससे पंडाल में भगदड़ मच गई। इस हादसे में आठ मजदूर झुलस गए। जबकि कुछ मजदूर बाल बाल बच गए। इस हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और बिजली सप्लाई बंद करने के बाद झुलसे नरेश तुरी, छोटू तुरी, अशोक यादव, लक्ष्मी कुमार सिंह, लालूतुरी, धनश्याम कुमार तुरी, सकलदीप तुरी झुलस गए।
सभी मजदूर झारखंड के चतरा जनपद के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला गांव निवासी हैं। इन्हें काशीपुर तिराहा स्थित सनराइज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी जानकारी मिलने पर काशीपुर तिराहा चौकी इंचार्ज ओम शुक्ला अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर नरेश तुरी और छोटू तुरी को फोटोन अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टरों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों को हालचाल जाना। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पंडाल हटाते समय हादसा हुआ था। करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि सात झुलस गए हैं। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।