मुरादाबाद में दिवाली का उल्लास चारों ओर छाया हुआ है। घर-द्वार वंदनवार की खुशबू से महकने लगे हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा शहर नहाया है। बुधवार को उत्साह के साथ छोटी दिवाली मनाई गई। बृहस्पतिवार को धूमधाम से दीपोत्सव मनाया जाएगा।
प्रमुख बाजारों में दुकानों के अलावा सड़क किनारे अस्थायी दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। कंडील, झूमर, वंदनवार, झालर, लक्ष्मी- गणेश की फोटो, लक्ष्मी जी के पैरों के स्टीकर, ओम, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर के श्रीयंत्र की खूब बिक्री हुई। वंदनवार में सलीन, फूल, मोती, नग के अलावा मैटेलिक डिजायन की धूम रही। 80 रुपये से पांच हजार रुपये तक की वंदनवार की बिक्री हुई है।
दीपावली पर कमल के फूल से लक्ष्मी-पूजन करना शुभ माना जाता है। इसके लिए घरों और पूजास्थल को भी फूलों से सजाया जाता है। बुधवार सुबह से ही जगह-जगह फूलों और मालाओं के ठेले लगे थे।
मझोला में दुकानदार सोनू ने बताया कि गेंदा का खुला फूल 120 रुपये प्रति किलो, गेंदा की फूल की माला 180 रुपये किलो और कमल की कली 50 रुपये प्रति पीस है। वहीं गेंदा के फूलों की छोटी माला 30 रुपये की है।
मिट्टी के सादे और डिजायनर दीयों की खूब खरीदारी हुई। इलेक्ट्रिक दीये भी ग्राहकों ने पसंद किए। मेटल के वैक्स वाले दीयों की कीमत 70 रुपये से शुरू है तो वहीं मिट्टी के वैक्स भरे चार दीयों की कीमत 120 रुपये है।