जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने डिलारी ब्लॉक के मानपुर मझरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें वहां कई खामियां मिली। कक्षा पांच के बच्चे किताब देखकर हिंदी नहीं पढ़ पाए। डीएम ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में सुधार होने तक शिक्षकों के वेतन रोके जाएंगे।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने प्राथमिक विद्यालय मानपुर साबित विकास खंड डिलारी का निरीक्षण किया। यहां विद्यालय में 63 बच्चों के लिए पांच शिक्षक तैनात हैं जो मानक से अधिक हैं। डीएम ने इस मामले में बीएसए से स्पष्टीकरण मांगा है।
विद्यालय के अध्यापकों ने डीएम को अवगत कराया कि शिक्षा मित्र शाइस्ता परवीन छह माह से विद्यालय में नहीं आ रही हैं। बगैर किसी कारण बताए विद्यालय को सेवा नहीं दे रही हैं। इस मामले में डीएम ने शिक्षा मित्र को सेवा से हटाने के निर्देश दिए।
विद्यालय की छतों के प्लास्टर गिर रहे थे। पूछने पर पता चला कि कायाकल्प का कार्य मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। इसमें घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। शौचालय का भी निर्माण ठीक नहीं था। डीएम ने इस मामले में बीएसए को तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए।
डीएम मानवेंद्र सिंह स्कूलों का निरीक्षण करने के लिए बुधवार को मानपुर मझरा गए थे। इस बीच यहां हेल्थ वेलनेस सेंटर पर ताला लटका देखकर वह रुक गए। स्थानीय लोगों से पूछने के बाद डीएम ने इस मामले में सीएमओ से स्पष्टीकरण तलब किया है। कारण स्पष्ट करना होगा कि वेलनेस सेंटर पर ताला बंद क्यों किया गया है।