मुरादाबाद के लोगाें ने इस बार पिछले साल की तुलना में 80 करोड़ रुपये अधिक आयकर चुकाया है। 29 मार्च तक आयकर विभाग को मुरादाबाद से करीब 440 करोड़ रुपये आयकर मिल चुका है। महकमे को उम्मीद है कि 31 मार्च तक यह आंकड़ा बढ़कर 450 करोड़ रुपये को पार कर जाएगा। आयकर चुकाने वालों में एक करोड़ रुपये से अधिक आयकर देने वालों की संख्या में भी इस बार इजाफा हुआ है।
पिछले साल आयकर विभाग को मुरादाबाद से 240 करोड़ रुपये आयकर वसूलने का लक्ष्य मिला था। महकमे ने वित्तीय वर्ष 2016-17 में मुरादाबाद से कुल 360 करोड़ रुपये आयकर वसूल किया था। उस समय नोटबंदी की वजह से अधिक आयकर मिलने की बात कही गई थी। लेकिन इस बार आयकर का आंकड़ा पिछले साल से भी आगे निकल गया है। आयकर विभाग को वित्तीय वर्ष 2017-18 में मुरादाबाद से 432 करोड़ रुपये आयकर जमा कराने का लक्ष्य मिला था।
29 मार्च तक विभाग ने करीब 440 करोड़ रुपये आयकर वसूलकर इस लक्ष्य को पीछे छोड़ दिेया है। हालांकि आयकर विभाग के अधिकारी अभी इस बारे में अधिकारिक रूप से कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। लेकिन अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले दो दिन में वह आठ से दस करोड़ रुपये आयकर जुटा लेंगे। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस बार शहर में ऐसे लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है जिन्होंने एक करोड़ रुपये से अधिक आयकर जमा किया है।