कोटा में आत्महत्या करने वाले छात्र मोहम्मद जैद का शव बुधवार देर रात उसके गांव बिलावाला गांव में लाया गया है। मां बाप तो बेटे के शव को देखकर बेसुध से हो गए। बृहस्पतिवार सुबह गांव के ही कब्रिस्तान में छात्र के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। मोहम्मद जैद की मौत से उसके परिवार के साथ गांव वाले भी गमगीन हैं।
उस्मान मलिक का बड़ा बेटा आसिफ उर्फ राजा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। वहीं छोटा बेटा मोहम्मद जैद कोटा में रहकर नीट की कोचिंग कर रहा था। परिजन बड़ी उम्मीदों के साथ दोनों को पढ़ा रहे थे। जैद के उठाए गए आत्मघाती कदम से सभी आहत हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जैद की मौत ने उन्हें तोड़ कर रख दिया है। मोहम्मद जैद मां जेहरा व पिता उस्मान के साथ पूरे परिवार का लाडला था। परिजनों का कहना है कि वह कोचिंग से फ्री होकर परिजनों व रिश्तेदारों को वीडियो कॉल करता था।
उसने रविवार व सोमवार को भी परिजनों से बात की थी। जैद के फुफेरे भाई मोहम्मद अनस का कहना है कि सोमवार को ग्रुप कॉलिंग द्वारा की गई बातचीत के दौरान वह खुश था। बातचीत से उन्हें कुछ भी ऐसा महसूस नहीं हो रहा था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।