मुरादाबाद पुलिस कर रही जांच (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
मूंढापांडे थाना क्षेत्र नाजरपुर श्योराजपुर में शुक्रवार की सुबह एक महिला ने फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना मिलने पर मायके वाले पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
मूंढापांडे के नाजरपुर श्योराजपुर निवासी रिंकू की शादी 12 साल पहले रामपुर जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अजीतपुर की रहने वाली बेबी (32) के साथ हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। बेबी के भाई चरनजीत ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह उनके पास रिंकू ने फोन कर बताया कि बेबी की मृत्यु हो गई है।
इसकी जानकारी मिलने पर मायके वाले बेबी की ससुराल पहुंच गए। ससुराल वाले अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। चरनजीत ने मौत का कारण पूछा तो ससुराल वाले बताने लगे कि छत से गिरने से बेबी की मौत हुई जबकि बेबी के गले पर निशान थे।
चरनजीत और उनके परिजनों को शक हुआ और उन्होंने सूचना देकर पुलिस मौके पर बुला ली। भाई ने हत्या किए जाने की बात करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इसकी जानकारी मिलने पर मूंढापांडे थाना प्रभारी राजीव शर्मा फोरेंसिक टीम लेकर मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि महिला की मौत लटकने से हुई है। एसएचओ राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि घरेलू कलह के कारण महिला ने दुपट्टे को फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या की थी।
सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।