दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
कांठ थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर-टांडा निवासी महिला ने एसएसपी को दिए प्रार्थना-पत्र में अपने देवर और देवरानी पर उसकी जमीन और मकान पर जबरन कब्जा करने, अपने हिस्से की जमीन मांगने पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने जमीन में हुआ अनाज भी कब्जाने का आरोप लगाया है। थाना पुलिस ने इस मामले में एसएसपी सतपाल अंतिल के आदेश पर दंपती के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है।
भाई-बहन को पीटा, चार पर प्राथमिकी
ठाकुरद्वारा पुलिस ने गांव बुधनगर में भाई बहन को पीटने का के चार आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। गांव निवासी काजल ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि वह शाम को घर पर खाना बना रही थी। तभी गांव की आरती और मुनिया उसके घर पर आकर गाली देने लगी गाली देने से मना किया तो दोनों ने अपने परिजनों के साथ उस पर लोहे के पाइप से हमला बोल दिया।
उसे बुरी तरह पीटा। बचाने आए उसके भाई दीपेंद्र को भी सिर में पाइप मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया था। काजल की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट की आरोपी आरती, मुनिया, सौरव सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
महिला को पीटकर घर से निकाला
ठाकुरद्वारा दो लाख रुपये, स्विफ्ट कार और तीन तोला सोने की मांग पूरा न करने पर महिला को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला के पति सहित सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। क्षेत्र के गांव फरीदनगर निवासी काजल ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसका विवाह 16 फरवरी 2025 को संभल के चंदौसी के मोहल्ला चुन्नी खुर्जा गेट निवासी सुमित कुमार के साथ हुआ था। महिला का कहना है कि शादी में दिए गए दहेज से उसके ससुराल वाले खुश नहीं थे।
उन्होंने उस पर मायके से स्विफ्ट कार, दो लाख नगद और तीन तोला सोना लाने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। मांग पूरी में होने पर उन्होंने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। मांग को लेकर रोजाना पीटते थे। मांग पूरी करने में उसने असमर्थता जताई तो आरोप है कि आठ जुलाई 2025 को उसका पति और ससुराल वाले उसे उसके गांव फरीदनगर के बाहर छोड़कर चले गए। धमकी दी कि यदि वह दोबारा बिना मांग पूरी किए ससुराल में आई तो उसकी हत्या कर देंगे। पुलिस ने महिला की तहरीर पर रविवार को पति सुमित सहित सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लाइब्रेरी में आए युवक का अपहरण
बिलारी के मोहल्ला ओमविहार काॅलोनी में स्थित लाइब्रेरी में पढ़ने आए एक युवक का बाइक से कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। बाद में निजी डेयरी पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुंडिया राजा गांव निवासी मुन्ना सिंह की ओर से रविवार को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि शनिवार दोपहर दो बजे उसका पुत्र हिमांशु चौधरी ओमविहार काॅलोनी में स्थित गुरुकुल लाइब्रेरी में पढ़ने आया था।
मुन्ना सिंह की अनुसार रामपुर जिले के कस्बा सैफनी निवासी नितिन सैनी, थाना सैफनी के छितौनी गांव निवासी राहुल यादव, बिलारी निवासी डेयरी संचालक जितेंद्र सिंह,उसका साथी मजदूर राकेश यादव तथा उनका एक अज्ञात साथी लाइब्रेरी पर आए और उसके बेटे हिमांशु को बुलाकर जबरन बाइक पर बैठाकर ओमविहार काॅलोनी में ही एक निजी डेयरी पर ले गए।
मुन्ना सिंह का आरोप है कि निजी डेयरी पर ले जाकर पांचों लोगों ने उसके बेटे को लाठी डंडे और धारदार हथियारों से हमलाकर घायल कर दिया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मुन्ना सिंह ने आशंका जताई है कि आरोपी उसके बेटे को जान से मारने की नीयत से निजी डेयरी पर लेकर गए थे। दर्ज रिपोर्ट में आरोपियों से जान व माल को खतरा होना भी बताया गया है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।