देहरादून निवासी जूडो की नेशनल खिलाड़ी से फार्महाउस में छेड़खानी के आरोपी कोच सतीश शर्मा का एक ऑडियो सोशल मीडिया वायरल हुआ है, जिसमें वह पीड़िता पर दोबारा प्रैक्टिस के लिए आने का दबाव बना रहा है।
वायरल ऑडियो में वह कहा रहा है कि तुम वापस आ जाओ, मैं दोबारा तुम्हें टच भी नहीं करूंगा। वहीं, पीड़िता आत्महत्या की बात कर रही है। तीन मिनट के इस ऑडियो में आरोपी कोच अपनी गलती स्वीकार करने के साथ ही सफाई भी दे रहा है।
सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले सतीश शर्मा के खिलाफ पीड़ित खिलाड़ी ने भोजपुर थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि वह सतीश शर्मा से जूडो सीख रही थी। 12 मार्च की सुबह कोच उसे इस्लाम नगर स्थित अपने फार्महाउस पर ले गया।
वहां प्रैक्टिस कराने के बाद कोच ने कमरे में ले जाकर खिलाड़ी से छेड़खानी की। खिलाड़ी ने विरोध किया तो आरोपी ने कॅरिअर खराब करने की धमकी दी थी। घटना के बाद पीड़िता अपने घर चली गई थी।
इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को फोन किया। उस पर दबाव बनाया है कि वह दोबारा यहां आकर प्रैक्टिस शुरू कर दे। दोनों की यह बातचीत मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़िता ने यह रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने बताया कि उसने खेल बंद कर दिया है। अब वह प्रैक्टिस करने भी नहीं जाती है। वह अपने ही घर में कैद हो गई है। पीड़िता ने बताया कि इस घटना से उसका कॅरिअर और जीवन बर्बाद कर दिया। है।
रविवार को बयान दर्ज कराने आएगी पीड़िता
भोजपुर। छेड़खानी की शिकार जूडो की नेशनल खिलाड़ी से शुक्रवार को पुलिस ने फोन पर संपर्क किया। घटना के बारे में जानकारी जुटाई। पीड़िता ने रविवार को थाने आकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा है। महिला खिलाड़ी ने अपने कोच सतीश शर्मा के खिलाफ बृहस्पतिवार को छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था। भोजपुर थाना प्रभारी शरद मलिक ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला
देहरादून निवासी जूडो की नेशनल खिलाड़ी ने भोजपुर थाने में 70 वर्षीय कोच सतीश शर्मा के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि कोच ने अपने फार्महाउस पर ले जाकर प्रैक्टिस कराने के बहाने छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने कॅरिअर खराब करने की भी धमकी दी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जूडो खिलाड़ी ने भोजपुर थाने में केस दर्ज कराते हुए बताया कि वह देहरादून में महिला कोच से जूडो सीख रही थी। इसी दौरान उनका चयन एनआईओएस भोपाल के लिए हो गया था। कोच ने कहा कि वहां अच्छी ट्रेनिंग नहीं होती है।
इसके बाद उन्होंने खिलाड़ी को मुरादाबाद निवासी सतीश शर्मा से कोचिंग लेने की सलाह दी। महिला कोच ने खिलाड़ी की सतीश शर्मा से बात भी करा दी। इसके बाद सतीश शर्मा ने खिलाड़ी को अपने सेंटर पर मुरादाबाद बुला लिया।
पीड़िता का कहना है कि 12 मार्च की सुबह कोच उसे इस्लाम नगर स्थित अपने फार्महाउस पर ले गया। उस समय वहां कोई अन्य खिलाड़ी या कर्मचारी नहीं था। आरोप है कि प्रैक्टिस कराने के बाद कोच खिलाड़ी को अपने कमरे में ले गया और छेड़खानी की।
पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने कॅरिअर खराब करने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि इस घटना से वह इतना परेशान हो गईं कि उनका खेल भी खराब हो गया। होली के बाद जूनियर का नेशनल ट्रायल था, जिसमें वह हार गईं। इसके बाद अपने घर देहरादून चली गईं और वहां थाने में तहरीर दी।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि खिलाड़ी ने देहरादून के रजपुरा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। घटनास्थल भोजपुर क्षेत्र होने के कारण मुकदमा यहां ट्रांसफर कर दिया गया। अब भोजपुर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यूपी और उत्तराखंड के सीएम को भी भेजी शिकायत
देहरादून निवासी जूडो खिलाड़ी ने बताया कि कोच सतीश शर्मा द्वारा छेड़खानी की घटना से आहत होकर वह डिप्रेशन में चली गईं और बीमार हो गईं। इसी कारण वह शुरुआत में शिकायत नहीं कर पाई थीं। हालांकि, इसके बाद उन्होंने इस मामले में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड के खेल मंत्री, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव, अध्यक्ष और जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया को भी शिकायती पत्र भेजा।
वहीं खिलाड़ी द्वारा छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के मामले में जूडो कोच सतीश शर्मा ने कहा कि यह एफआईआर यहां क्यों दर्ज हुई है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मेरे पास देहरादून के रजपुरा थाने से सूचना आई थी। इस बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है। पुलिस जांच करेगी तो सच सामने आ जाएगा।