इंवेस्टर्स समिट में मुरादाबाद ने भी 372 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। स्थानीय उद्योगपतियों के साथ सरकार ने 14 एमओयू साइन किए हैं। 372.72 करोड़ रुपये से विकास के कार्य होंगे। हालांकि ये सभी इस पूंजी को अपने पहले से चल रहे व्यवसायों में लगाएंगे। एमओयू साइन करने वाले सभी लोग पहले से मुरादाबाद में ही बिजनेस कर रहे हैं।
जीएम डीआईसी श्रीनाथ पासवान ने बताया कि दो दिन तक लखनऊ में चली इंवेस्टर्स समिट में मुरादाबाद की ओर से 372.72 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे गए। कुल 14 एमओयू साइन हुए हैं। जो 14 एमओयू साइन हुए हैं उनमें 118 करोड़ रुपये का एमओयू टीएमयू की ओर से हुआ है। टीएमयू ने कहा है कि मेडिकल फील्ड में वह 118 करोड़ का निवेश करेगा। अभी तक मेडिकल कालेज में 150 सीट हैं। जिन्हें बढ़ाकर 250 किया जाएगा। हास्पिटल में अभी 960 बेड हैं। जिसे बढ़ाकर 1200 किया जाएगा। सैनिक स्कूल ऑफ मैटालर्जी एंड मैनेजमेंट बुध बाजार की ओर से स्किल डवलपमेंट एंड ट्रेनिंग रिसर्च पर दो करोड़ रुपये का एमओयू साइन किया गया है। एमएस सैनिक लाइफ स्टाइल प्राइवेट लिमिटेड फर्नीचर निर्माण में 50 करोड़ का निवेश करेंगे।
एमएस एक्यूब क्राफ्ट कांसेप्ट प्राइवेट लिमिटेड सेज में मेटल हैंडीक्राफ्ट में 7.5 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। एमएस पीसीडीएफ लिमिटेड दलपतपुर मिल्क एंड डेयरी प्रोडक्ट्स में 80 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। डिजाइनको ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड मेटल हैंडीक्राफ़्ट के क्षेत्र में 11 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। पार्थ एक्सपोर्ट ने 4.10 करोड़ और पैरामाउंट एंटरप्राइजेज ने 18.50 करोड़ रुपये का निवेश किया है। एशियन विवेकानंद 30 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर यूनिट का निर्माण करेगा।
सीएल गुप्ता ओवरसीज सेज में मेटल हैंडीक्राफ्ट के क्षेत्र में 40.06 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। एंजिल सिक्योरिटीज एवं सर्विसेज सिक्योरिटी एंड ट्रांसपोर्टेशन क्षेत्र में दो करोड़ रुपये का निवेश करेगा। शमा एंटरप्राइजेज की ओर से मेटल हैंडीक्राफ्ट के फील्ड में 1.26 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। पैरामाउंट मेटल इंडस्ट्रीज भी सेज में मेटल हैंडीक्राफ्ट में 1.30 करोड़ रुपये निवेश करेगा। ओम संस होलीडे इन प्राइवेट लिमिटेड ने भी टूरिज्म के लिए 15 करोड़ रुपये का एमओयू प्रदेश सरकार के साथ साइन किया है।