मुरादाबाद पुलिस कर रही जांच (सांकेतिक तस्वीर)
सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली युवती को नौकरी लगवाने का झांसा देकर होटल में बुला कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी भाजपा सभासद अमन वर्मा के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी के पिता और भाइयों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। केस में पिता और भाई भी आरोपी बनाए गए हैं।
सिविल लाइंस के मोहल्ले में रहने वाली अनुसूचित जाति की 21 वर्षीय युवती ने सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है। जिसमें उसने बताया कि उसकी जान पहचान अगवानपुर निवासी अमन वर्मा से हो गई थी। 13 मार्च को नौकरी लगवाने के बहाने आरोपी ने उसे रेलवे स्टेशन के सामने एक होटल में बुला लिया।
आरोप है कि यहां आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने पर आरोपी ने युवती से दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। पीड़िता के होश में आने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा और कई बार दुष्कर्म किया।
इससे युवती गर्भवती हो गई। 19 अप्रैल को आरोपी उसे आशियाना कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में ले गया और गर्भपात कराने की कोशिश की लेकिन डॉक्टर ने गर्भपात करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे हरथला स्थित एक निजी अस्पताल में ले गया और 15 हजार रुपये देकर गर्भपात करा दिया।
पीड़िता ने इस बात की शिकायत आरोपी के परिवार से की। तब आरोपी के पिता सोनू वर्मा, भाई रितिक वर्मा, विक्की वर्मा ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, धमकी देने, नशीला पदार्थ देने और एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।