ई-रिक्शा चालक को छोटे भाई ने चाकू मारा, अस्पताल में भर्ती
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बुधवार रात ई-रिक्शा चालक को छोटे भाई ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद भाई मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायल ई-रिक्शा चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना का कारण संपत्ति विवाद बताया जा रहा है।
कटघर थाना क्षेत्र करूला गली नंबर दो निवासी ई-रिक्शा चालक मोहम्मद आसिफ बुधवार रात करीब नौ बजे सिविल लाइंस में चक्कर की मिलक पर सवारी छोड़कर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में छोटे भाई ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से आसिफ गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस की पूछताछ से पता चला कि काफी समय से मकान को लेकर आसिफ का छोटे भाई के साथ विवाद चल रहा है। इसी कारण वह अपने परिवार के साथ किराये पर करूला में रह रहा है। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।