मुरादाबाद। पीतलनगरी को अलीगढ़ से जोड़ने के लिए एनएचएआई 150 किमी. लंबे फोरलेन मार्ग का निर्माण करेगा। बदायूं में यह मार्ग मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। एनएचएआई ने मार्ग के सर्वे का काम पूरा कर लिया है।
अभियंताओं की टीम अब डीपीआर तैयार कर रही है। जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर केंद्र को भेजा जाएगा। इस मार्ग को ग्रीनफील्ड के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुरादाबाद-अलीगढ़ मार्ग टू लेन होने के कारण वाहनों का काफी दबाव रहता है। लोगों की मांग और जनप्रतिनिधियों की पहल पर केंद्र सरकार ने इस मार्ग को फोरलेन बनाने के निर्देश एनएचएआई को दिए। एनएचएआई ने मुरादाबाद से अलीगढ़ और बिजनौर तक का सर्वे कर लिया है।
मुरादाबाद से अलीगढ़ की दूरी 150 किमी. है। इस मार्ग पर ट्रैफिक के दबाव का परीक्षण किया गया है। सर्वे में मार्ग पर आने वाले टोल प्लाजा, फ्लाईओवर, पुल, पैदल सेतु और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर एक रिपोर्ट तैयार की गई है।
इस मार्ग को ग्रीनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा।
मार्ग के निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण भी करना होगा। मुरादाबाद-अलीगढ़ मार्ग को विस्तार देते हुए बिजनाैर तक ले जाया जाएगा।
साथ ही बदायूं में यह मार्ग गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इस परियोजना से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मार्ग के लिए अलीगढ़ जिले में 31 गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। डिवाइडर के बीच पाैधे लगाए जाएंगे।