मुरादाबाद एयरपोर्ट के आसपास की जमीनों के दाम अचानक बढ़ने लगे हैं। मूंढापांडे इलाके में हवाई अड्डे के आसपास जमीन के दाम एक करोड़ रुपये प्रति बीघा तक पहुंच चुके हैं। अधिकांश कारोबारी यहां पर जमीन खरीदकर होटल बनाना चाहते हैं।
मुरादाबाद हवाई अड्डे के लोकार्पण के बाद उड़ान शुरू होने में अभी वक्त है। इससे पहले ही जमीन के दाम ने आसमान छूना शुरू कर दिया है। लोग हवाई अड्डे के 500 मीटर से एक किलोमीटर के दायरे में जमीन खरीदकर होटल बनाना चाहते हैं। यहां जमीन के दाम 50 लाख से एक करोड़ रुपये प्रति बीघा तक हो गए हैं।
केस-1
भदासना गांव के किसान पंचम सिंह ने बताया, एयरपोर्ट से सीधे हाईवे के पास मेरी जमीन है। एक व्यक्ति ने होटल बनाने व अन्य कारोबार के लिए 10 बीघा जमीन खरीदी है। 57 लाख रुपये प्रति बीघा के मुताबिक मैंने बैनामा कराया। एयरपोर्ट बनने से पहले इस जमीन की कीमत महज 18 लाख रुपये बीघा आंकी जाती थी।
केस-2
भदासना गांव के किसान महेंद्र सिंह चौहान का कहना है, हाईवे के पास मैंने भी चार बीघा जमीन बेच दी है। 48 लाख रुपये बीघा के रेट में मैंने सौदा किया है। कई माह से लोग कीमत लगा रहे थे, लेकिन तब मैंने जमीन नहीं बेची थी। अब अच्छी कीमत मिली तो बेच दी।
केस-3
किसान सतेंद्र सिंह का कहना है कि एयरपोर्ट के पास भदासना मोड़ पर मेरी जमीन है। कुछ दिन पहले ही 15 बीघा जमीन का सौदा 42 लाख रुपये प्रति बीघा में किया है। वहां कोई व्यक्ति प्लॉटिंग करना चाहते हैं। एग्रीमेंट हो गया है, जल्द ही आगे की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे।
प्रॉपर्टी डीलर रामरक्षपाल सिंह, संजय आदि का कहना है कि एयरपोर्ट से एक किलोमीटर की दूरी पर भी लिंक रोड पर जमीन की कीमत 30 लाख रुपये प्रति बीघा तक चल रही है। चार महीने पहले तक केवल पांच लाख रुपये बीघा कीमत थी। एयरपोर्ट के नजदीक एक करोड़ रुपये प्रति बीघा की कीमत तक की जमीन है। कई बड़े कारोबारी जमीन खरीदना चाहते हैं।
विमानपत्तन प्रबंधक श्याम सुंदर महला का कहना है कि हमने डीजीसीए से लाइसेंस लेने से पहले आसपास के क्षेत्र में कई निर्माण व टावर की ऊंचाई कम कराई है। भविष्य में एयरपोर्ट का विस्तार होगा। ऐसे में जो लोग जमीन खरीदकर निर्माण करना चाहते हैं, उन्हें एक निश्चित ऊंचाई से अधिक के निर्माण के लिए एनओसी लेनी होगी। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों से संपर्क करना होगा।
मुरादाबाद का हवाई अड्डा मूंढापांडे ब्लॉक के भदासना गांव में बना है। एयरपोर्ट के चलते यहां जमीन के भाव बढ़ गए। भदासना क्षेत्र के क्षेत्रीय लेखपाल के मुताबिक वहां की भूमि का वर्तमान में सर्किल रेट 50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर है।