हवाई अड्डे पर दिखेगी गंगा-जमुनी तहजीब की झलक
हवाई अड्डे पर जब यात्री चेक इन के लिए प्रवेश करेंगे तो उन्हें इस शहर की गंगा जमुनी तहजीब की झलक दिखेगी। चेक इन काउंटर के पास शहर के प्राचीन चौरासी घंटा मंदिर की तस्वीर लगाई गई है।
इस मंदिर के विषय में लिखा गया है कि इसका इतिहास पांच हजार वर्ष पुराना है। यहां नेपाल नरेश ने श्रद्धापूर्वक अष्टधातु का घंटा चढ़ाया था। साथ ही पुराने शहर की पहचान जामा मस्जिद का चित्र भी लगाया गया है।
जामा मस्जिद के सैकड़ों वर्ष पुराने इतिहास को बताया गया है। इसका विशाल भवन मुगलकालीन स्थापत्य कला व आधुनिक निर्माण शैली का अद्भुत संगम है। मुगल शासक शाहजहां के वजीर रुस्तम खां ने 1637 ईसवी में इसका निर्माण कराया था।
हवाई अड्डे पर एक नजर
स्वामित्व - एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया
रनवे की लंबाई - 2112 मीटर
रनवे की चौड़ाई - 30 मीटर
लाइसेंस श्रेणी - 2बी वीएफआर
निर्माण में खर्च - 28.93 करोड़
विमान का प्रकार - डीएचसी-6-400
सेवा प्रदाता कंपनी - फ्लाई बिग
हवाई अड्डे पर बढ़ा दी गई है सुरक्षा
लोकार्पण की तिथि नजदीक आते-आते हवाई अड्डे की सुरक्षा भी बढ़ाई दी गई है। पुलिस व पीएसी के जवानों की संख्या बढ़ा गई है। फायर फाइटर्स को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अर्धसैनिक बलों के कुछ जवान भी तैनात किए गए हैं। आवागमन को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। पुलिस के जवानों की टुकड़ी गश्त करती नजर आती है।
हमारे पास लोकार्पण की तीन प्रस्तावित तारीख हैं। आठ, नौ व 10 मार्च। अंतिम तारीख को लेकर फिलहाल निर्णय नहीं हो सका है। यह तय है कि इस बार किसी भी एक तारीख को लोकार्पण हो जाएगा। शासन की ओर से पत्र जारी किया जाएगा। - अमरजीत, एयरपोर्ट डायरेक्टर