नहीं बदलेगा उड़ान का समय
दो दिन पहले फ्लाई बिग कंपनी की ओर से उड़ान का समय घोषित किया गया था। एएआई के अधिकारियों का कहना है कि समय वही रहेगा। बस लोकार्पण की प्रस्तावित तारीख बदलकर दो मार्च से आठ मार्च कर दी गई है।
घोषणा में बताया गया था कि लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी एयरपोर्ट) से विमान (एस9-327) सुबह 8:45 बजे उड़ान भरेगा। यह सुबह 10:05 बजे मुरादाबाद पहुंच जाएगा। यहां से वापसी में विमान (एस9-330) सुबह 10:25 बजे रवाना होकर सुबह 11:30 बजे लखनऊ पहुंच जाएगा। यह सुविधा सप्ताह में हर दिन रहेगी।
हवाई अड्डे पर पहुंचा फ्लाई बिग का सभी स्टाफ
फ्लाई बिग कंपनी ने हवाई अड्डे पर अपना सभी स्टाफ तैनात कर दिया है। चेक इन व अन्य व्यवस्थाओं के लिए कंपनी के मैनेजर ने स्टाफ की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। उन्होंने बताया कि 19 सीटर विमान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं।
उद्घाटन की तारीख घोषित होने के बाद पायलट विमान लेकर लखनऊ से उड़ान भरेंगे। इसके बाद मुरादाबाद व अन्य हवाई अड्डों से उनका लोकार्पण किया जाएगा। एयरलाइंस की ओर से डी-हैविलैंड डीएससी6-400 एयरक्राफ्ट इस्तेमाल किए जाएंगे, जोकि 19 सीटर होेंगे।
अब आठ मार्च की प्रस्तावित तारीख उड़ान शुरू करने के लिए मिली है। हमने सारी तैयारियां कर ली हैं। आदेश मिलते ही फ्लाइट शुरू कराने का प्रबंध कर दिया जाएगा। शासन की ओर से इसका शेड्यूल जारी होगा। - अमरजीत, एयरपोर्ट डायरेक्टर