मुरादाबाद की जिगर कॉलोनी बंगला गांव के रहने वाले अधिवक्ता की हत्या का मामला सामने आया है। वह रविवार शाम छह बजे से गायब थे। सोमवार सुबह उनका शव मझोला इलाके में चौहानों वाली मिलक स्थित गोशाला के पास कुएं में पड़ा मिला।
मुरादाबाद के नागफनी थाना इलाके के जिगर कॉलोनी बंगला गांव निवासी अधिवक्ता शौकीन अली (53) की हत्या कर दी गई। वह रविवार शाम छह बजे से गायब थे। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे उनका शव मझोला क्षेत्र में चौहानों वाली मिलक स्थित गोशाला के पास कुएं में पड़ा मिला। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नुकीली चीज और पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
विज्ञापन
बेटे ने मोबाइल लोकेशन के जरिए तलाश लिया पिता का शव
अधिवक्ता शौकीन अली का शव ढूंढने में उनके बेटे की सक्रियता और सजगता बहुत अहम रही। काफी खोजबीन के बाद भी पिता का कोई सुराग नहीं लगा तो बेटे ने पिता के मोबाइल नंबर ट्रैकिंग पर लगा दिया। जिसके जरिए बेटा शव के पास तक पहुंच गया। रविवार की शाम से लापता हुए अधिवक्ता का शव करीब 16 घंटे बाद सोमवार सुबह कुएं से बरामद हुआ।
नागफनी थाना क्षेत्र के जिगर कॉलोनी अधिवक्ता शौकीन अली रोज की तरह रविवार शाम भी घर से निकले थे। वह रात नौ बजे घर लौट आते थे लेकिन रविवार देर रात तक घर नहीं आए। बेटे और और परिवार के अन्य सदस्यों ने सोचा कि शायद कांवड़ यात्रा की वजह से कहीं फंस गए होंगे। सुबह वापस आ आएंगे लेकिन अधिवक्ता सुबह भी वह वापस नहीं आए।
विज्ञापन
अधिवक्ता के बेटे सुहेल ने बताया कि उनके पिता आईफोन इस्तेमाल करते थे। वह खुद भी आईफोन इस्तेमाल करता हैं। उन्होंने मोबाइल ट्रैकिंग एप्लीकेशन के जरिए अपने पिता के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रैक करनी शुरू की। सुहेल अपने साथी अधिवक्ता और परिवार के लोगों के साथ मोबाइल लोकेशन के जरिए मझोला क्षेत्र में चौहानों वाली मिलक गांव के पास पहुंच गए।
उन्होंने पिता की काफी तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद उन्होंने यूपी 112 पर कॉल पर की और मौके पर पुलिस बुला ली। इसके बाद पुलिस और परिजन तलाश में जुट गए। इसी दौरान उन्होंने देखा कि सहारा इंडिया की भूमि और गोशाला के पास कुएं में कुछ झाड़ियां पड़ी थीं।
जिसके नीचे शव पड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने झाड़ियां हटाई तो पता चला कि अधिवक्ता शौकीन अली का शव है। बेटे की सक्रियता और सजगता से अधिवक्ता का शव मिल गया। बेटे ने शव देखकर मृतक की पहचान अपने पिता के रूप में कर ली।
रात भर बंद रहा मोबाइल, सुबह एक घंटे तक चालू रहा
बेटे सुहेल ने पुलिस को बताया कि रविवार नौ बजे के बाद उनके पिता का मोबाइल नंबर बंद हो गया था। सोमवार सुबह साढ़े सात बजे मोबाइल पर बराबर कॉल जा रही थी लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। करीब एक घंटे बाद मोबाइल बंद हो गया था। इसके बाद परिजन अनहोनी की आशंका में जुट गए। इसके बाद पिता की तलाश में जुट गए थे।
अधिवक्ता के सिर में चोटों के आठ घाव
मुरादाबाद पुलिस ने अधिवक्ता शौकीन अली के शव का डॉक्टर के पैनल में पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान डिजिटल वीडियो ग्राफी और फोटोग्राफी कराई। शनिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि अधिवक्ता के सिर में किसी नुकीली चीज और भारी चीज से सिर पर आठ वार किए थे। जिससे उनके सिर से अधिक खून बह गया और उनकी मृत्यु हो गई।