मुरादाबाद। तेज गति कार ने मोपेड सवार राजमिस्त्री को टक्कर मार दी। हादसे में राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कार छोड़कर चालक फरार हो गया। चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया।
कोतवाली के ग्राम मुनीमपुर निवासी राजमिस्त्री शाकिर हुसैन रविवार की दोपहर खाना खाकर मोपेड पर सवार होकर मैसूवाला स्थित गोशाला पर चल रहे निर्माण कार्य पर जा रहे थे। वहीं गांव के रास्ते से निकलकर वह सुरजननगर-ठाकुरद्वारा मार्ग पर पहुंचे तो सुरजननगर की दिशा से आई तेज गति कार ने पीछे से शाकिर को टक्कर मार दी। हादसे से शाकिर मोपेड सहित रोड की दूसरी साइड खाई में जा गिरे जबकि असंतुलित होकर कार दूसरी साइड में खाई में पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। एक राहगीर अपनी कार से घायल शाकिर को सरकारी अस्पताल लाए। जहां पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ मोहम्मद असलम ने शाकिर को मृत घोषित कर दिया। चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुस्साए परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर हंगामा कर रोड जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। विधायक नवाब खां ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।