मुरादाबाद। कोविड-19 के चलते जिले भर में बनाई गई निगरानी समितियों का पर्यवेक्षण करने वाले अधिकारियों के बीच हुई वर्चुअल बैठक में कई निर्णय लिए गए। निगरानी समिति के सदस्य अब कोरोना संक्रमित मरीजों के घर तक कोराना की दवा की किट पहुंचाने में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमों की मदद करेंगे।
कोरोना संक्रमण रोकने में सहयोग के लिए प्रत्येक जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में वहां के वार्ड पार्षद, सभासद, ग्राम प्रधान आदि जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की निगरानी समितियां बनाई गई हैं। जिले में कुल 994 समितियां बनी हैं। शहरी क्षेत्र की समितियों का पर्यवेक्षण वहां के नगर निकाय के नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारी कर रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की समितियों की निगरानी जिला पंचायत राज अधिकारी की है। इनके नोडल नगर आयुक्त संजय चौहान हैं।