छेड़खानी का विरोध करने पर मझोला के बौद्ध विहार में रहने वाले एक अधिवक्ता के घर में घुसकर दो कार सवार 15-20 युवकों ने उनकी नाबालिग बेटी और पत्नी की पिटाई की। चाकू से जानलेवा हमला किया, घर में तोड़फोड़ की। मामले की शिकायत पीड़िता के पिता ने कंट्रोल रूम में की।
मौके पर पहुंची मझोला पुलिस ने छेड़खानी, मारपीट, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य की तलाश जारी है। अधिवक्ता की बेटी नौंवी (13) कक्षा की छात्रा है। उसने बताया कि उसे बीए स्टूडेंट अरुण निवासी डिडौली और उसका रिश्तेदार अभय छह माह से परेशान कर रहा था।
आरोपी के साथी भी छात्रा के घर के सामने घूमते थे और उस पर फब्तियां कसते थे। युवती ने डर की वजह से अकेले घर से बाहर निकलना बंद कर दिया था। छात्रा की मां ने बताया कि बृहस्पतिवार को छात्रा घर के बाहर बैठी थी, अरुण उसे दूर से अश्लील इशारे कर रहा था। इसकी शिकायत छात्रा ने पिता से की।
पिता ने आरोपी को पकड़कर उसे दो थप्पड़ मार दिए। इससे गुस्साए अरु ण ने शनिवार सुबह अपने साथियों सचिन, बबलू, सोनू व नवीन सहित बोलेरो और स्विफ्ट कार में अन्य युवकों को बुलाया। आरोपी हाथों में धारदार हथियार लेकर छात्रा के घर पहुंचे और तोड़फोड़ की, छात्रा और उसकी मां, पिता पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
घायलों का बचाव करने छात्रा के चाचा और उसकी चाची आए तो उन्हें भी मारा। मामले की शिकायत पीड़ित ने कंट्रोल रूम में की। मुख्य आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ मौके से भाग गया।
एसएचओ मझोला डीके शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से आरोपी सचिन, बबलू, नवी सहित दो अन्य को पकड़ा है, उनसे पूछताछ की जा रही है। एसएचओ का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़ा जाएगा।