बिलारी। नगर के डाॅ. देवेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र मोहम्मद शान ने मध्य प्रदेश के भोपाल में हुई 36वॉ राष्ट्रीय खेलकूद कुश्ती प्रतियोगिता में अंडर 14 में फाइनल कुश्ती जीतकर गोल्ड मेडल पाया है। मोहम्मद शान पहले भी बड़े स्तर पर हुई कुश्तियों में इनाम पा चुका है।
नगर के मोहल्ला अंसारियान निवासी मोहम्मद मारुफ संभल जिले में डायल 112 पुलिस सेवा में हेड कांस्टेबिल हैं। मोहम्मद मारुफ स्वयं प्रदेश स्तर के खिलाड़ी हैं जो मेरठ में हुई प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में 81 किलो वर्ग में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।
मोहम्मद मारुफ का बड़ा बेटा मोहम्मद शान डाॅ. देवेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा में छह में पढ़ रहा है। पढ़ाई के साथ शान की कुश्ती में विशेष रूचि है। बीती 26 अक्टूबर को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा भोपाल में 36वें राष्ट्रीय खेलकूद में मोहम्मद शान ने पश्चिमी यूपी की ओर से प्रतिभाग किया और अंडर 14 वर्ग में फाइनल कुश्ती जीतकर गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र पाया।
मोहम्मद शान एक माह पहले बरेली में हुए क्षेत्र स्तरीय खेलों में मुरादाबाद जिले से खेलते हुए फाइनल कुश्ती जीतकर स्वर्ण पदक पा चुका है। मंगलवार सुबह कॉलेज में हुए समारोह में प्रधानाचार्य शीतल प्रताप सिंह के निर्देशन में जहां शिक्षकों ने छात्र मोहम्मद शान का उत्सावर्धन किया वहीं सहपाठी छात्रों ने उसका सम्मान और स्वागत किया।