इंडिया एक्सपो मार्ट में लगाई गई आधुनिक मशीनों की प्रदर्शनी, जिले के कई निर्यातक। स्वयं
मुरादाबाद। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे मेगा ट्रेड शो एमटेक (एशियन मशीन टूल एग्जीबिशन) का सोमवार को समापन हो गया। इसमें मुरादाबाद के कई निर्यातकों ने प्रतिभाग लिया। इसमें निर्यातकों ने उद्योगों के आधुनिकीकरण और आधुनिक मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
एक्सपोर्टर्स वॉइस एसोसिएशन के महासचिव विशाल अग्रवाल ने कहा कि बदलते वैश्विक बाजार और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में उद्योगों के लिए नई तकनीक अपनाना समय की जरूरत है। आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार होगा और उत्पादन लागत में कमी आएगी। इससे भारतीय निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में, खासकर चीन जैसे देशों के साथ प्रतिस्पर्धा करने में मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में देशभर की प्रमुख मशीन निर्माण कंपनियों ने अत्याधुनिक मशीनों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया। इससे उद्योगों को नवीनतम तकनीक की जानकारी मिली और उत्पादन प्रक्रियाओं को अधिक दक्ष बनाने के विकल्प सामने आए। उन्होंने इंडिया एक्सपो मार्ट परिसर में सफल और भव्य आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। वहीं, आईएमएए के अध्यक्ष विकास भारद्वाज ने एक्सपोर्टर्स वॉइस एसोसिएशन को विशेष आमंत्रित सदस्य बनने का निमंत्रण दिया।