मुरादाबाद विकास प्राधिकरण दिल्ली व रामपुर रोड पर जीरो प्वाइंट तक चौराहों का निर्माण करा रहा है। इन चौराहों को इस तकनीक पर तैयार किया जा रहा है, जिससे हादसों पर अंकुश लग सके। ज्यामितीय डिजायन और गोल चक्कर के रूप में तैयार होने वाले यह चौराहे शहर की खूबसूरती को बढ़ाने का काम करेंगे। वहीं, सड़कों को भी आधुनिक रूप देने की तैयारी है।
दिल्ली और रामपुर रोड पर एमडीए की ओर से कुल नौ चौराहे बनाए जा रहे हैं। इन्हें गोल चक्कर व ज्यामितीय डिजायन पर तैयार किया जा रहा है। केंद्र सरकार की एजेंसी की ओर से इनका निर्माण कार्य हो रहा है। चौराहों को इस तकनीक पर तैयार किया जा रहा है कि दूसरी ओर से आने वाले वाहन की जानकारी चालकों को मिल सकेगी।
चौराहे पर किसी भी तरह के पेड़-पौधे नहीं लगाए जाएंगे और न ही किसी तरह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तकनीक पर चौराहों का निर्माण होगा, जिसमें चौराहों पर केवल घास व रंग-बिरंगे फूल-पौधे ही उगाए जाएंगे। इससे सभी चौराहे आकर्षक होंगे और पर्यावरण के अनुकूल होंगे।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार हादसों को रोकने व ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए इन चौराहों को नई तकनीक पर बनाने का निर्णय लिया गया। चौराहों की रेलिंग को ब्रास कलर में रंगा जाएगा, जो पीतलनगरी की पहचान बताएगी। वहीं, चौराहों के अलावा दिल्ली रोड को गागन नदी के बाद से जीरो प्वाइंट तक आधुनिक रूप दिया जाएगा। यहां सड़क के किनारे और डिवाइडर पर हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे रोपे जाएंगे। साथ ही सड़क के दोनों तरफ पाथवे और ग्रीन बेल्ट भी तैयार होंगे। सड़क के किनारे पर्याप्त रोशनी व सुरक्षा के मानकों के अनुसार स्ट्रीट लाइट्स और डेकोरेटिव लाइटिंग भी लगाई जाएंगी। इससे रात के समय भी सड़क की खूबसूरती नजर आएगी। वाहन सुरक्षित तरीके से रुक सकें, इसके लिए सड़क पर अलग से जगह दी जाएगी।
- दिल्ली और नैनीताल जाने के लिए प्रदेश के कई जिले के लोग इन सड़कों का इस्तेमाल करते हैं। यहां से गुजरने वाले पर्यटकों को शहर में बेहतर और खूबसुरत मार्ग मिले। साथ ही सड़क पर ट्रैफिक मैनेजमेंट सही हो और हादसों पर अंकुश लगे इसीलिए चौराहे व सड़क को आधुनिक बनाया जा रहा है। - अंजुलता, सचिव, एमडीए
मेरठ---एसएन फार्म हाउस 100 फुटा रोड मृतको के शवो को कबिस्तान ले जाते लोगस ------नीटू