मुरादाबाद। यह चिंताजनक है कि ओपीडी में आठ-10 साल के बच्चों के माता-पिता न्यूरो संबंधित समस्याएं लेकर आ रहे हैं। इन समस्याओं का सबसे बड़ा कारण मोबाइल है। माता-पिता बच्चे को मोबाइल देकर अपने काम में लग जाते हैं। इससे उसके मस्तिष्क के हार्मोन्स प्रभावित होते हैं और वृद्धि पर भी बुरा असर पड़ता है।
शहर के वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. अजय जैन का कहना है कि बच्चों को तेज सिर दर्द और दौरे की समस्या हो रही है। डॉक्टर की सलाह है कि बच्चों को मोबाइल से जितना हो सके दूर रखें। उन्हें किताब पढ़ने की आदत डालें। दोस्तों के साथ खेलने की आदत डालें। हर दिन एक घंटे कोई खेल या शारीरिक गतिविधि जरूर होनी चाहिए। इससे भविष्य में बच्चे माइग्रेन, सर्वाइकल जैसी समस्याओं से बचे रहेंगे। डॉ. जैन ने मरीजों के सवालों के जवाब भी दिए हैं।
-
सवाल :
मैं 50 साल का हूं। मेरे बाएं अंगूठे का नाखून काला पड़ गया है। आधा अंगूठा सुन्न रहता है। कूल्हे तक नसों में दर्द रहता है।बाएं हाथ की एक अंगुली भी सुन्न है, क्या करना चाहिए।
- रामकिशोर, मूंढापांडे
जवाब :
न्यूरो संबंधित विकार हो सकते हैं। कुछ जांचें करानी होंगी। आपको डॉक्टर से मिलना चाहिए। देखने के उपरांत ही उपचार हो पाएगा।
00
सवाल
मेरी उम्र 32 साल है। बाएं कान के पीछे कभी-कभी दर्द होता जोकि सिर दर्द में बदल जाता है। स्लिप डिस्क की समस्या भी है। दाएं पैर में बहुत दर्द रहता है। मुझे क्या करना चाहिए।
- दुष्यंत कुमार
जवाब
सिर दर्द व डिस्क स्लिप अलग अलग बीमारी है। इनका इलाज आपसे बात करके, देख कर और जरूरत पड़ी तो जांच करा कर हो जाएगा।
00
सवाल
मेरी उम्र 66 वर्ष है। चार माह पहले माइनर पैरालिसिस हुआ था। अब काफी सुधार है। शुगर बार्डर लाइन पर रहती है। मुझे कब तक दवाएं खानी होंगी।
- विजय बहादुर शर्मा, दीनदयाल नगर
जवाब
डॉक्टर के लगातार संपर्क में रहने की जरूरत है। डायबिटीज व बीपी के लिए निरंतर पकड़ रखना जरूरी है। बाकी बात समस्त रिकार्ड देखने के बाद हो जाएगी।
00
सवाल
मेरी उम्र 60 साल है। मेरे कूल्हे से लेकर पैरों तक सुन्नपन रहता है। चार-पांच दिन से यह समस्या है। खड़ा होने में भी परेशानी होती है। लगता है कि शरीर का आधा हिस्सा नहीं है, मैं क्या करूं।
- अब्दुल सलाम, बरवालान
जवाब
आधे हिस्से की शिकायत पैरालिसिस की शुरुआत हो सकती है। तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
00
सवाल
मेरी पत्नी की उम्र 48 वर्ष है। अक्सर हाथों में सुन्नपन, बाएं कंधे में दर्द की शिकायत रहती है। मल्टीविटामिन व कैल्शियम की टैबलेट रोजाना खाती है। कोई सरल उपाय बताएं।
- हरीश गौतम, लाइनपार
जवाब
अतिरिक्त दवा खाने की जरूरत नहीं है। डायबिटीज की समस्या हो सकती है, तुरंत जांच करवाएं।
00
सवाल
मुझे अकारण मिर्गी की दौरा पड़ गया था। एमआरआई व ईसीजी सामान्य है। फिलहाल डिप्रेशन का इलाज चल रहा है। कृपया अपनी राय दें।
- हरिशंकर गुप्ता, साहू स्ट्रीट
जवाब
डॉक्टर से संपर्क में रहें और हर छह माह पर जरूरी जांचें कराते रहें। फिजियोथैरेपिस्ट की सलाह से कुछ व्यायाम करने से भी राहत मिल सकती है।
00
सवाल
मेरी उम्र 24 वर्ष है। मेरा सिर भारी रहता है और मन में नकारात्मक विचार आते रहते हैं। इसका क्या कारण हो सकता है।
- आफताब, ढक्का लाइनपार
जवाब
यह मानसिक तनाव के लक्षण हैं। यदि मन में कोई बात है जो परेशान कर रही है तो अपने मित्रों व घरवालों से साझा करें। संवाद से ही अवसाद का समाधान हो सकता है। बाकी काम दवाइयां करेंगी।
00
सवाल
मेरी उम्र 43 साल है। कुछ दिन पहले मेरी पीठ में चिनका आ गया था। डॉक्टर ने कूल्हे पर इंजेक्शन लगाया जिससे पैर की नस में भी दर्द रहने लगा है। खिंचाव रहता है। दवा खाने से शरीर की क्षमताएं कम हो गई हैं। सीधे हाथ में दर्द व झनझनाहट रहती है।
- धीरेंद्र शर्मा
जवाब
आपके पैर में डिस्क स्लिप की वजह से दर्द की समस्या हो सकती है। दवा व अन्य कारणों से शारीरिक क्षमताएं प्रभावित हो सकती हैं। यह स्लिप डिस्क की वजह से भी हो सकता है। हाथ में वाइब्रेशन के कई कारण हो सकते हैं। डॉक्टर से मिलकर परामर्श लें।